प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलयेशिया दौरे का आज दूसरा और अंतिम दिन है। यह वर्ष 2026 का उनका पहला विदेश दौरा माना जा रहा है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-मलयेशिया के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। अगस्त 2024 में दोनों देशों ने रिश्तों को समग्र रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने की घोषणा की थी।
आज व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा सहयोग और खासतौर पर सेमीकंडक्टर क्षेत्र में साझेदारी को लेकर अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इस दौरे को भारत की इंडो-पैसिफिक रणनीति के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है। वे 7 से 9 फरवरी तक राज्य में रहेंगे। आज नवा रायपुर में वे नक्सलवाद को लेकर एक हाईलेवल सुरक्षा बैठक करेंगे।
इस बैठक में अर्धसैनिक बलों और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक का फोकस 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे के लक्ष्य को हासिल करने के लिए रणनीति को अंतिम रूप देना है। यह दौरा देश में आंतरिक सुरक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का मुंबई में व्याख्यान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत आज मुंबई में आयोजित विशेष व्याख्यान श्रृंखला के दूसरे दिन संबोधन देंगे। यह कार्यक्रम आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
‘न्यू होराइजन्स’ नामक यह कार्यक्रम वर्ली स्थित नेहरू सेंटर में हो रहा है, जिसमें उद्योग, फिल्म, कला, साहित्य, विज्ञान, कानून, खेल और मीडिया जगत से जुड़ी जानी-मानी हस्तियां भाग ले रही हैं। आरएसएस का शताब्दी वर्ष 2025-26 में मनाया जा रहा है।
टी20 पुरुष वर्ल्ड कप: आज तीन मुकाबले
टी20 पुरुष वर्ल्ड कप का आज दूसरा दिन है और क्रिकेट प्रेमियों के लिए दिन भर रोमांच बना रहेगा। आज कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे—
सुबह 11 बजे: न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान (चेन्नई)
दोपहर 3 बजे: इंग्लैंड बनाम नेपाल (वानखेडे स्टेडियम, मुंबई)
शाम 7 बजे: श्रीलंका बनाम आयरलैंड (कोलंबो)
तीनों मैचों में कड़े मुकाबले की उम्मीद है।
अखिलेश यादव की सपा विधायकों के साथ अहम बैठक
समाजवादी पार्टी आज लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में अपने विधायकों की बड़ी बैठक करने जा रही है। विधानसभा और विधान परिषद, दोनों सदनों के सदस्यों को इस बैठक में बुलाया गया है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 9 फरवरी से उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने वाला है, ऐसे में बजट सत्र से पहले पार्टी की रणनीति तय करने के लिहाज से यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।
दिल्ली में भाजपा सरकार की जीत के एक साल पूरे
दिल्ली सरकार आज रामलीला मैदान में एक बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। यह कार्यक्रम दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भाजपा की जीत के एक साल पूरे होने के अवसर पर रखा गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली कैबिनेट के मंत्री और मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। इस मौके पर जनता को सरकार की उपलब्धियों और आने वाली योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
डॉ. जाकिर हुसैन की जयंती
आज भारत के तीसरे राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन की जयंती भी है। उनका जन्म हैदराबाद में हुआ था। वे जामिया मिल्लिया इस्लामिया के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे और 1926 से 1948 तक उसके वाइस-चांसलर रहे।
इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में भी सेवाएं दीं। 3 मई 1969 को उनका निधन हुआ। शिक्षा और राष्ट्रीय सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी याद किया जाता है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !
