बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्रियां शिल्पा शेट्टी और उनकी बहन शमिता शेट्टी आज धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में हाजिरी लगाई। दोनों बहनों ने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की भव्य आरती के दर्शन किए और पूरे मनोयोग से भगवान का पूजन किया।

आरती के दौरान शिल्पा और शमिता पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आईं। कभी तालियों की गूंज सुनाई दी तो कभी ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महाकाल के दिव्य स्वरूप और श्रृंगार को देखकर दोनों अभिनेत्रियां भावविभोर हो गईं।
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक हिमांशु कारपेंटर ने मंदिर परिसर में शिल्पा शेट्टी और शमिता शेट्टी का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में शिल्पा शेट्टी ने कहा कि बाबा महाकाल का बुलावा मिले बिना कोई उनके दरबार तक नहीं पहुंच सकता। उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि इस बार बाबा ने खुद उन्हें बुलाया है। शिल्पा ने कहा कि उन्होंने पहली बार इस तरह की अद्भुत और अलौकिक आरती के दर्शन किए हैं, जो शब्दों से परे अनुभव है। मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्था अत्यंत सुव्यवस्थित और सराहनीय है।
शिल्पा ने मुस्कुराते हुए यह भी कहा कि उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि वे उन्हें जल्द फिर से अपने दरबार में बुलाएं। वहीं शमिता शेट्टी ने कहा कि वह भगवान शिव की बड़ी भक्त हैं और पहली बार महाकाल के दर्शन कर बेहद आनंदित हैं। उन्होंने कहा कि जब बुलावा आया, तो वे खुद को रोक नहीं पाईं और तुरंत उज्जैन आ गईं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !