सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार ने एक खुशहाल परिवार की खुशियां छीन लीं। मदनपुर गांव के पास एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

डायल 112 की पुलिस टीम ने खून से लथपथ युवक को तुरंत सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कनरिया थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय भीखन सादा के रूप में हुई है। भीखन घर का एकलौता बेटा था और दूसरे राज्य में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
भीखन के दो मासूम बेटे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बदहवास हो गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि भीखन शनिवार को अपनी ससुराल से निकलकर रिश्तेदार से मिलने गया था और शाम को घर लौटते समय यह हादसा हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरों की याद दिलाता है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !