Breaking News

टेम्पो चालक की लूट के बाद हत्या, मथुरा पुलिस से मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार; दोनों घायल

मथुरा में टेम्पो चालक की बेरहमी से हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

थाना जमुनापार और थाना जैत की संयुक्त पुलिस टीम को यह सफलता शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे मिली। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस यमुना एक्सप्रेसवे के पानीगांव लिंक रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे पुलिस को देखकर भाग निकले।

भागते हुए बदमाश निर्माणाधीन सत्ते कॉलोनी की ओर मुड़ गए, जहां उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश (22) निवासी चौमुहां, मथुरा और जयपाल (47) निवासी अछनेरा, आगरा के रूप में हुई है। दोनों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जयपाल के खिलाफ लूट, चोरी और पॉक्सो एक्ट सहित 13 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दिनेश के खिलाफ भी 5 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 25-26 दिसंबर की रात छटीकरा के पास टेम्पो चालक यशपाल उर्फ राजा की पेचकस से वार कर और गला घोंटकर हत्या की थी। इसके बाद शव को अल्लैहलुर के जंगलों में फेंक दिया गया और टेम्पो व मोबाइल फोन लूट लिया गया।

आरोपियों ने बताया कि गैस खत्म हो जाने के कारण वे टेम्पो को जैत गांव के पास एक ढाबे पर छोड़कर फरार हो गए थे, जिसे पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। पुलिस ने उनके पास से मृतक का मोबाइल फोन, बिना नंबर की पैशन प्रो बाइक, दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना जमुनापार प्रभारी विदेश कुमार, थाना जैत प्रभारी उमेश चंद त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी विकास शर्मा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Check Also

रंग, राग और रस का महाउत्सव: मथुरा से काशी, अयोध्या तक होली में डूबा उत्तर प्रदेश

फागुन की मदमस्त हवाओं के साथ उत्तर प्रदेश के शहरों और गांवों में होली का …

मथुरा में दर्दनाक सड़क हादसा: रजबहे में गिरी कार, चार युवकों की डूबकर मौत

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे …

अनोखी परंपरा: उत्तर प्रदेश के इस गांव में शोक मिटाने के लिए बजता है नगाड़ा, महाशिवरात्रि से शुरू होती है रस्म

मथुरा क्षेत्र। ब्रज की होली अपने रंग, उत्साह और अनूठी परंपराओं के लिए पूरी दुनिया …