Breaking News

हिमाचल में दर्दनाक बस हादसा: जमी बर्फ पर फिसलकर बस ने खाई में लगाईं पांच पलटियां, 14 की मौत; प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई आपबीती

सिरमौर (हिमाचल प्रदेश)।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शिमला से कुपवी जा रही एक निजी बस सड़क पर जमी बर्फ (पाले) के कारण फिसल गई और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 14 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 52 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 37 सीटों वाली बस में क्षमता से अधिक 66 यात्री सवार थे। जैसे ही बस हरिपुरधार से करीब 200 मीटर पहले पाले वाली सड़क पर पहुंची, उसका संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस खाई में गिरने से पहले लगातार पांच बार पलटी।

“पाले पर चढ़ते ही फिसल गई बस” — घायल यात्री राज

बस की आगे वाली सीट पर बैठे घायल यात्री राज, जो फिलहाल क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में उपचाराधीन हैं, ने बताया कि सड़क पर पाला काफी जमी हुई थी। टायर जैसे ही बर्फ पर चढ़ा, बस एक तरफ झुकने लगी। चालक ने नियंत्रण पाने के लिए स्टीयरिंग मोड़ा, लेकिन बस खाई की ओर उतर गई। इसके बाद बस एक के बाद एक पलटती चली गई और अंदर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने सबसे पहले संभाला मोर्चा

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब 20 मिनट बाद राहत एवं बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। कुछ समय तक स्थिति बेहद भयावह बनी रही और घायल यात्री मदद के लिए आवाज लगाते रहे।

एक-दूसरे के नीचे दब गए यात्री

घायल यात्री ललित ने बताया कि बस के पलटते ही कई लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए। अफरा-तफरी के बीच घायलों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। पुलिस और प्रशासन की टीम के पहुंचते ही राहत कार्य में तेजी लाई गई और घायलों को हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे से पहले उतर गए थे छत पर बैठे यात्री

स्थानीय लोगों के अनुसार, बस की छत पर भी कई यात्री सफर कर रहे थे, लेकिन जिस स्थान पर हादसा हुआ, उससे कुछ पहले ही वे उतर चुके थे। आगामी माघी पर्व को लेकर क्षेत्र में बसों में भारी भीड़ देखी जा रही है, जिससे ओवरलोडिंग आम हो गई है।

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

Check Also

चंबा में युवक की रहस्यमयी मौत पर हंगामा, फौजी भाई ने सीबीआई जांच की उठाई मांग

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में 35 वर्षीय युवक सोनू की संदिग्ध मौत ने इलाके …

हिमाचल में दर्दनाक सड़क हादसा: सराज घाटी में जीप खाई में गिरी, तीन दोस्तों की मौत, एक युवक गंभीर

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर तेज रफ्तार और कठिन सड़क परिस्थितियों …

बजट सत्र का आगाज, आरडीजी मुद्दे पर सत्ता–विपक्ष में टकराव तय

हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सोमवार से हलचल तेज होने जा रही है। Himachal Pradesh …