कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालवीय नगर मोहल्ले में एक युवक का शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नेवादा गांव निवासी राघवेंद्र शुक्ला (26) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब चार वर्षों से अपनी महिला मित्र के साथ रह रहा था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार को युवक और उसकी महिला मित्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के कुछ ही समय बाद युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवराजपुर थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !