नई दिल्ली।
जुमे की नमाज़ को देखते हुए पुलिस ने पुरानी दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। जामा मस्जिद सहित आसपास की अन्य मस्जिदों के पास अर्द्धसैनिक बलों की कई कंपनियां तैनात की गई हैं। वहीं, मध्य दिल्ली के तुर्कमान गेट क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब तक अतिक्रमण पूरी तरह हटाया नहीं जाता, तब तक इलाके में आवाजाही पर पाबंदी बनी रहेगी। गुरुवार को पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित माहौल देखा गया।
दरगाह फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास लगभग 500 मीटर के दायरे को घेरकर सुरक्षा बलों ने कर्फ्यू जैसी स्थिति बना दी। आम लोगों को इलाके में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। मौके पर मध्य रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा और अतिरिक्त आयुक्त निधिन वल्सन स्वयं मौजूद रहे। पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर रखी है। इसके चलते आसफ अली रोड और रणजीत सिंह मार्ग से तुर्कमान गेट जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है।
सख्त सुरक्षा इंतज़ामों के कारण स्थानीय लोग भयभीत नजर आए और अधिकांश ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। कुछ लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस उपद्रवियों की तलाश के नाम पर इलाके के युवकों को हिरासत में ले रही है। लोगों का दावा है कि अब तक करीब 50 लोगों को पकड़ा गया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।
बुलडोजर कार्रवाई के चलते गुरुवार को भी दरगाह फैज-ए-इलाही मस्जिद और तुर्कमान गेट स्थित बड़ी मस्जिद में नमाज़ अदा नहीं हो सकी। हज मंज़िल और बड़ी मस्जिद के आसपास के रास्ते पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं, जिसके कारण मस्जिदों पर ताले लगे रहे।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !