हिसार जिले में एक दुखद हादसे में 14 वर्षीय किशोर की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विकास के रूप में हुई है, जो महावीर कॉलोनी का निवासी था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर की है। विकास अपने घर से नहाने के लिए तोशाम रोड स्थित मिरका वाली नहर की ओर गया था। इसी दौरान उसने देखा कि उसका एक दोस्त नहर में डूब रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दोस्त को बचाने के प्रयास में विकास ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी। लेकिन पानी का तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों ही खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। गुरुवार को काफी प्रयास के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
शुक्रवार को दोबारा शुरू की गई सर्च ऑपरेशन के दौरान विकास का शव नहर से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
मृतक के भाई शुभम ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है और कई वर्षों से हिसार में निवास कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !