Weather Update | 7 जनवरी:
उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली-NCR समेत पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। गिरते तापमान और कम दृश्यता के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, वहीं यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

दिल्ली-NCR में ठंड और बढ़ेगी
राजधानी दिल्ली में आज मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 जनवरी को तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। 10 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं 11 और 12 जनवरी को हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे ठंड और तेज हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
पंजाब और हरियाणा के अधिकतर इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। पंजाब में अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ समेत हरियाणा के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
पहाड़ों पर बर्फबारी, सैलानियों की बढ़ी भीड़
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जबकि हिमाचल के कुछ इलाकों में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। उत्तराखंड में भी मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंड से राहत फिलहाल नहीं मिलेगी।
यूपी और राजस्थान में कंपकंपाती सर्दी
उत्तर प्रदेश के लखनऊ सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने 10 जनवरी तक ठंड और कोहरे के बने रहने का अनुमान जताया है।
राजस्थान में भी सर्दी का असर तेज है। बीकानेर, भरतपुर और जयपुर संभाग में 10 से 12 जनवरी के बीच हल्की बारिश हो सकती है।
बिहार और मध्य प्रदेश में बढ़ेगा ठंड का असर
बिहार में तेज पछुआ हवाओं के कारण ठंड और अधिक महसूस की जा रही है। पटना, गया समेत कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
वहीं मध्य प्रदेश में आज से ठंड का दूसरा दौर शुरू हो सकता है। प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मौसम प्रणाली के चलते ठंड और कोहरा बढ़ने के आसार हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !