देशभर में सर्दी का प्रकोप अपने चरम पर पहुंच गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे फिसलने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने आवागमन को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा और कई इलाकों में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।
उत्तर भारत समेत देश के बड़े हिस्से में ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। पहाड़ी राज्यों में तेज ठंड के कारण हालात और भी कठिन हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में अचानक भारी गिरावट आई है, जिससे नलों का पानी तक जम गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल ठंड से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं

जम्मू-कश्मीर में इस सर्दी की सबसे ठंडी रातों में से एक दर्ज की गई। श्रीनगर और आसपास के इलाकों में तापमान माइनस में चला गया। राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान करीब माइनस 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पुलवामा, शोपियां और पहलगाम जैसे इलाकों में पारा इससे भी नीचे पहुंच गया। गुलमर्ग में तो ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए तापमान को माइनस 9 डिग्री सेल्सियस के करीब ला दिया।
कड़ाके की ठंड का असर जलस्रोतों पर भी साफ नजर आ रहा है। डल झील के किनारे और अन्य जलाशयों के आसपास बर्फ जमने लगी है, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। उधर, मैदानी इलाकों में कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !