सरधना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में अनुसूचित जाति की महिला की नृशंस हत्या और उसकी बेटी के अपहरण ने पूरे इलाके को दहला दिया है। घटना के बाद गांव में हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को ढाई किलोमीटर पहले से बैरिकेडिंग कर गांव को छावनी में तब्दील करना पड़ा। सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं, जबकि पीड़ित परिवार बेटी की सुरक्षित वापसी के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
दूसरे दिन भी नहीं मिला अपहृत युवती का सुराग
कपसाड़ गांव से अपहृत युवती रूबी का शुक्रवार को भी कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी में भी नाकाम रही। बेटी की तलाश पूरी न होने से नाराज परिजनों ने मां सुनीता का शव पूरे दिन घर में रखे रखा और अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। इस दौरान गांव में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेता और कार्यकर्ता जुटते रहे।
19 घंटे बाद बनी सहमति, पुलिस ने दिया लिखित आश्वासन
लगभग 19 घंटे चले तनाव और बातचीत के बाद पूर्व विधायक संगीत सोम, एसपी देहात अभिजीत कुमार और एडीएम सिटी की मौजूदगी में पुलिस ने पीड़ित परिवार को लिखित आश्वासन दिया। इसमें 48 घंटे के भीतर रूबी को बरामद करने, परिवार के एक सदस्य को स्थानीय चीनी मिल में स्थायी नौकरी, 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, शस्त्र लाइसेंस और गांव में स्थायी पुलिस सुरक्षा की बात कही गई। इसके बाद रात करीब 7:45 बजे सुनीता का अंतिम संस्कार किया गया। बेटे नरसी ने मुखाग्नि दी।
विधायकों की एंट्री पर हंगामा
गुरुवार रात जब शव गांव पहुंचा था, तभी परिजनों ने साफ कर दिया था कि बेटी के मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं होगा। इसी बीच सपा विधायक अतुल प्रधान को गांव में प्रवेश से रोके जाने पर हंगामा खड़ा हो गया। पीड़ित परिवार के हस्तक्षेप के बाद विधायक को अंदर जाने दिया गया।
गांव बना पुलिस छावनी
स्थिति को काबू में रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए। गांव की सीमा से ढाई किलोमीटर पहले बैरिकेडिंग की गई। एसएसपी, एसपी देहात, एसपी ट्रैफिक, चार सीओ, 20 इंस्पेक्टर, 150 दरोगा और 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। आरआरएफ की टीम भी लगातार गश्त करती रही।
सियासत गरम, परिवार का सवाल अब भी कायम
शुक्रवार को एक ओर जहां अपहृत बेटी के लिए बिलखता परिवार था, वहीं दूसरी ओर गांव में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। पुलिस के आश्वासन के बावजूद सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है—रूबी कहां है और उसे कब सुरक्षित वापस लाया जाएगा?
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !