रटौल। ढिकौली गांव में महिलाओं ने पंचायत आयोजित कर नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताई और इसके खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का फैसला लिया। महिलाओं ने तय किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाएंगी, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।

पंचायत को संबोधित करते हुए सुमन ने कहा कि नशा युवाओं की जिंदगी तबाह कर रहा है। यदि युवा ही गलत रास्ते पर चले जाएंगे तो देश का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने शराब की दुकानों की बढ़ती संख्या पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गांवों में खुल रही शराब की दुकानें बंद होनी चाहिएं। साथ ही हाईवे और संपर्क मार्गों पर स्थित दुकानों के सामने पर्दा लगाए जाने की मांग की, जिससे नशे का खुला प्रचार न हो।
महिलाओं ने कहा कि एक ओर सरकार नशा विरोधी नारे लगवा रही है, वहीं दूसरी ओर शराब की दुकानों की संख्या बढ़ रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने जानकारी दी कि 18 जनवरी को गांव के प्राचीन शिव मंदिर में ‘नशा छोड़ो संकल्प महायज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाएं आहुति देकर अभियान को मजबूती देंगी।
जाट महासभा के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने महिलाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ उनकी लड़ाई में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। पंचायत में वर्षा, राजवती, विमलेश, रजनी, हेमलता, अंजलि, पुष्पा, विमला सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !