कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गोपालपुर गांव के मजरा सर्देपुर में शराब पीने को लेकर हुए घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में बेकाबू एक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी और ढाई साल के बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है, जबकि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

मृतका रूबी पांच महीने की गर्भवती थी। आरोपी पति सुरेंद्र कभी ट्रक में खलासी तो कभी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था, लेकिन कमाई का बड़ा हिस्सा शराब में खर्च कर देता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान सुरेंद्र ने आपा खो दिया और बेरहमी से रूबी व उसके मासूम बेटे लवांश पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !