Breaking News

ड्रोन की मदद से सुलझी बच्ची की गुमशुदगी, नाले में फंसा मिला शव

दिल्ली पुलिस ने जांच प्रक्रिया में पहली बार ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करते हुए एक चार वर्षीय बच्ची की तलाश में अहम सफलता हासिल की है। कई दिनों से लापता बच्ची का शव ड्रोन कैमरे की मदद से नाले के बीच दलदल में फंसा हुआ मिला।

9 जनवरी को रोहिणी के प्रेम नगर थाना क्षेत्र से एक महिला ने अपनी चार साल की बेटी के अचानक गायब होने की सूचना पुलिस को दी थी। बच्ची विद्यापति नगर, इंदर एन्क्लेव फेज-दो, किराड़ी इलाके की रहने वाली थी। पुलिस ने शुरुआत में स्निफर डॉग स्क्वाड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्ची को खोजने की कोशिश की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।

लगातार असफलता के बाद पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीक का सहारा लेने का फैसला किया। हवलदार देवेंद्र नासिर, संदीप, पंकज राजा और विकास की टीम ने ड्रोन से इलाके के नालों की निगरानी शुरू की। 12 जनवरी को ड्रोन कैमरे में विद्यापति नगर के पास एक नाले के बीच दलदल में बच्ची का शव दिखाई दिया, जो सामान्य नजर से देख पाना मुश्किल था।

रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन के अनुसार, प्रेम नगर इलाके में कई गहरे और भरे हुए नाले हैं, जिससे आशंका थी कि बच्ची इनमें से किसी में गिर गई हो। इसी संभावना के चलते ड्रोन से तलाशी लेने का निर्णय लिया गया, जो कारगर साबित हुआ।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि बच्ची की मौत डूबने के कारण हुई। पुलिस का कहना है कि बच्ची मानसिक रूप से कमजोर थी और संभव है कि वह चलते समय नाले में गिर गई हो। फिलहाल मामले में किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।

पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Check Also

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति को मिला भारत की विरासत का खास उपहार

नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की अद्वितीय कला …

यमुना बाजार में उजड़ने का डर: 310 परिवारों के सामने घर बचाने की जंग

दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में इन दिनों बेचैनी और अनिश्चितता का माहौल है। प्रशासन …

गैंग बस्ट अभियान में पुलिस की सफलता, गोगी गैंग का सदस्य गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन …