दिल्ली के प्रमुख परिवहन केंद्र आनंद विहार में यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। आनंद विहार रेलवे स्टेशन और कौशांबी बस अड्डे को जोड़ने वाला एकमात्र फुटओवर ब्रिज आज खुद खतरे का कारण बन गया है। करोड़ों की लागत से विश्वस्तरीय बनाए गए आनंद विहार रेलवे स्टेशन के ठीक सामने मौजूद इस एफओबी की स्वचालित सीढ़ियां वर्षों से खराब पड़ी हैं, जिन पर अब ताला लटका दिया गया है।

रोजाना हजारों यात्री इस मार्ग से गुजरते हैं, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। स्वचालित सीढ़ियों के बंद होने से इन यात्रियों को मजबूरन लंबी और ऊंची सीढ़ियां चढ़नी पड़ रही हैं। कई बार थकान और सांस फूलने के कारण लोगों को बीच रास्ते में रुकना पड़ता है, तो कुछ यात्री जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हो जाते हैं।
एफओबी पर गंदगी और अतिक्रमण की समस्या भी हालात को और बदतर बना रही है। यात्रियों का कहना है कि रखरखाव के अभाव में यह पुल धीरे-धीरे जर्जर होता चला गया, लेकिन संबंधित विभाग ने समय रहते कोई ध्यान नहीं दिया।
आनंद विहार रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे उपेंद्र मिश्रा (45) बताते हैं कि बार-बार यात्रा करने वालों के लिए यह पुल किसी चुनौती से कम नहीं। वहीं, 70 वर्षीय संजीव यादव का कहना है कि जब स्वचालित सीढ़ियां चालू थीं, तब सड़क पार करना आसान था, लेकिन अब हर बार यह सफर थकान और परेशानी से भरा होता है।
अधिकारियों का दावा है कि मरम्मत और सुधार कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को राहत मिलेगी। गौरतलब है कि आनंद विहार क्षेत्र दिल्ली का ऐसा केंद्र है, जहां बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन एक साथ जुड़े हैं। ऐसे में इस फुटओवर ब्रिज की बदहाली न केवल असुविधा, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !