गुरुग्राम के पालम विहार इलाके में एक 25 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 13 जनवरी की दोपहर की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) तथा फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल की गहन जांच कराई गई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के लुहन्ना गांव निवासी विशाल के रूप में हुई है। वह पिछले तीन महीनों से गुरुग्राम स्थित मारुति कंपनी में कार्यरत था और सेक्टर-22 के एक पीजी में रह रहा था। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब उसी कमरे में रहने वाला एक अन्य युवक वहां पहुंचा, तो उसने विशाल को फंदे से लटका पाया। उसने तुरंत पीजी मालिक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचित किया गया।
पालम विहार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देकर गुरुग्राम बुलाया। साथ ही जांच के तहत विशाल का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर उसकी जांच की गई।
पुलिस को मोबाइल की जांच के दौरान कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट और वीडियो कॉल से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विशाल एक युवती के लगातार संपर्क में था। मोबाइल में उस युवती से जुड़े मैसेज, वीडियो कॉल के रिकॉर्ड के साथ-साथ कुछ फोटो और वीडियो भी पाए गए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि इन तथ्यों के आधार पर अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता।
मृतक के भाई अवनीश ने पुलिस को बताया कि विशाल दिवाली के दौरान घर आया था, लेकिन उसने किसी भी तरह की परेशानी या तनाव की बात परिवार से साझा नहीं की थी। परिवार को इस घटना से गहरा सदमा पहुंचा है।
बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और मोबाइल में मिले तथ्यों के आधार पर संबंधित युवती से भी पूछताछ की जाएगी। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !