फिरोजपुर झिरका। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह घने कोहरे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव गुर्जर नंगला के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के एक जवान समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ, जब एक्सप्रेसवे पर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक और बस की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
दुर्घटना में दिल्ली पुलिस के सिपाही मोहर सिंह मीणा (निवासी दौसा, राजस्थान) और भवानी सिंह (निवासी अलवर, राजस्थान) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा स्थित अल माफिया अस्पताल भिजवाया।
हादसे में कविता, रुकमणी, बिजेंद्र, मौसम और सुरेश मीणा सहित कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोहरे के मौसम में एक्सप्रेसवे पर लगातार हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके कई वाहन चालक आवश्यक सावधानियां नहीं बरत रहे। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान धीमी गति रखें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !