दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सत्ता में अपना एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे उपलब्धियों से भरा कार्यकाल बताते हुए सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि बीता एक साल सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और जनविश्वास की मजबूत यात्रा रहा है। वहीं, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार के जश्न पर सवाल उठाते हुए उस पर कई गंभीर आरोप लगाए

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में विकास परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए कार्यक्रम को संबोधित किया। पीतमपुरा स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क में आयोजित समारोह में उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि जिस क्षेत्र ने उन्हें पहचान दी, वही आज उनके लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अपने बचपन और छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि त्रिनगर से पीतमपुरा आने वाली एक साधारण बच्ची ने कभी नहीं सोचा था कि उसे दिल्ली की सेवा का अवसर मिलेगा।
सीएम ने कहा कि जनता से उनका रिश्ता पद के कारण नहीं, बल्कि विश्वास के कारण है। उन्होंने 2025 में 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा सरकार बनने को जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं की जीत बताया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह कार्यकाल दिल्ली को एक नई दिशा देने की कोशिश रहा है।
विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड
एक साल की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में करीब 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं या प्रगति पर हैं। इनमें डिस्ट्रिक्ट पार्क का पुनर्विकास, नए प्रवेश द्वार, फाउंटेन, शौचालय, फुटपाथ और अन्य जनसुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ निर्माण परियोजनाएं नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन को आसान बनाने की पहल हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने भविष्य की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मुनक नहर पर करीब 5000 करोड़ रुपये की एलिवेटेड रोड, नहर किनारे सौंदर्यीकरण और छठ घाट, आधुनिक ऑडिटोरियम, मॉडल स्कूल, नए कम्युनिटी हॉल, आयुर्वेदिक अस्पताल का विस्तार, उन्नत जच्चा-बच्चा केंद्र और नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। उनके मुताबिक ये योजनाएं दिल्ली की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं।
पीएम मोदी को बताया मार्गदर्शक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट, पार्कों और बाजारों में किए गए सुधारों से विकास जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में दिल्ली के विकास की रफ्तार और तेज होगी।
आप का सरकार पर हमला
भाजपा सरकार की वर्षगांठ पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी पहली वर्षगांठ को “फर्जीवाड़ा दिवस” के रूप में मना रही है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान खुलेआम नकद और उपहार बांटे गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद वादे पूरे नहीं किए गए।
भारद्वाज ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के दौरान महिलाओं को पैसे बांटने और मासिक सहायता देने के वादे किए गए, जो आज तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव में इस्तेमाल की गई एक एनजीओ बाद में गायब हो गई। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट कटने के आरोप भी लगाए।
कांग्रेस ने भी साधा निशाना
वहीं, कांग्रेस ने भी भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में बदहाल इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रदूषण, गड्ढों और हादसों के बीच सरकार का जश्न मनाना शर्मनाक है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक साल में अलग-अलग दुर्घटनाओं में 200 से ज्यादा लोगों की जान गई है, जबकि सिर्फ जनवरी में सैकड़ों लोग लापता हुए।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि राजधानी की सड़कों पर गड्ढे, खुले नाले और अधूरी खुदाई आम बात हो गई है, जिससे रोजाना हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने कई इलाकों का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण आम जनता को अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
सियासी बयानबाजी तेज
एक ओर जहां भाजपा सरकार अपने एक साल के कार्यकाल को उपलब्धियों से भरा बता रही है, वहीं विपक्ष इसे विफलताओं और अव्यवस्था का साल करार दे रहा है। वर्षगांठ के मौके पर दिल्ली की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह सियासी टकराव और बढ़ने के संकेत दे रहा है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !