उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र में रिश्तों की कड़वाहट ने खौफनाक मोड़ ले लिया। यहां प्रदीप नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी सुनील की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि हत्या के बाद आरोपी का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वह न सिर्फ अपराध कबूल करता दिख रहा है, बल्कि अपनी पत्नी को भी जान से मारने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, वारदात उस समय हुई जब सुनील अपनी बाइक स्टार्ट कर रहा था। तभी चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधे प्रदीप पीछे से आया और बेहद करीब से पहली गोली सुनील की कमर में मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने दोबारा तमंचा लोड किया और सुनील के सिर और कनपटी पर लगातार गोलियां दाग दीं। कुछ ही पलों में सुनील ने मौके पर दम तोड़ दिया।
घटना के समय वहां लोगों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी, लेकिन कोई भी व्यक्ति हमलावर को रोकने आगे नहीं आया। लोग खौफ के कारण दूर खड़े तमाशा देखते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद प्रदीप आराम से वहां से निकल गया।
हत्या के तुरंत बाद आरोपी ने एक कथित कबूलनामा वीडियो जारी किया, जिसने मामले को और सनसनीखेज बना दिया है। वीडियो में प्रदीप कहता नजर आ रहा है कि उसे अपनी मौत की परवाह नहीं है और वह सुनील को मार चुका है। उसने यह भी बताया कि उसने 315 और 312 बोर के हथियार से तीन गोलियां चलाईं। वीडियो में वह हथियार दिखाते हुए उन्हें नहर में फेंकने की बात भी कह रहा है और लोगों से वीडियो वायरल करने की अपील कर रहा है।
सबसे ज्यादा चिंता बढ़ाने वाली बात आरोपी की धमकी है। वीडियो में उसने कहा कि जो भी महिला घर छोड़कर भागेगी, उसका यही अंजाम होगा। उसने अपनी पत्नी को भी मारने की बात कही और पुलिस अधिकारियों को खुली चुनौती देते हुए वीडियो भेजने को कहा। इस बयान के बाद इलाके में भय का माहौल और गहरा गया है।
आरोपी ने अपने वीडियो में पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसने दावा किया कि उसे न्याय नहीं मिला, इसलिए उसने खुद बदला लिया। प्रदीप का कहना है कि उसने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि हस्तिनापुर पुलिस की लापरवाही ने उसे हथियार उठाने पर मजबूर कर दिया। साथ ही उसने यह भी कहा कि उसे हथियार मानपुर के जीत सिंह और हनी सिंह नाम के लोगों ने मुहैया कराए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की पृष्ठभूमि में पुराना प्रेम प्रसंग और रंजिश है। बताया गया कि सनौता निवासी प्रदीप की पत्नी पूनम का सुनील उर्फ सुरेंद्र के साथ संबंध था। करीब एक साल पहले पूनम और सुनील घर से चले गए थे और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। इस घटना से प्रदीप बेहद आहत और गुस्से में था। वह लंबे समय से बदला लेने की बात करता फिर रहा था और आखिरकार उसने अपने इरादे को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बहसूमा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
मृतक के चचेरे भाई विक्की की शिकायत पर पुलिस ने प्रदीप और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन वह अब तक पकड़ से बाहर है। आशंका जताई जा रही है कि वह अपने सहयोगियों की मदद से छिपा हुआ है।
इलाके में किसी भी तरह की अशांति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। लोग दहशत में हैं और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मामले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है। पुलिस अब हर एंगल से जांच कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !