गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी की जान ले ली। घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार कोई आम चीज नहीं बल्कि घर में रखा गैस सिलेंडर था, जिसने इस झगड़े को हत्या में बदल दिया।

मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि साहिब कुंज चौमा फाटक के पास एक मकान में महिला का शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि कमरे के अंदर महिला खून से लथपथ हालत में मृत पड़ी है। जांच के लिए तुरंत फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए गए।
मकान मालिक ने बताया कि 20 मार्च को सुनील नाम का युवक अपनी पत्नी गुंजन के साथ यहां रहने आया था। दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। 23 मार्च की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसा में बदल गई।
गुस्से में आकर सुनील ने गैस सिलेंडर उठाकर अपनी पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि गुंजन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी कमरे को बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26 मार्च को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !