जाटवास गांव में मंदिर निर्माण को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को अचानक हिंसक हो गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते पथराव और मारपीट में बदल गई, जिसमें करीब 12 लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, गांव में पिछले एक महीने से मंदिर निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। एक पक्ष मंदिर के निर्माण का समर्थन कर रहा था, जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा था। इसी मुद्दे को लेकर पहले भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके थे।
शनिवार को जब एक पक्ष निर्माण कार्य में लगा हुआ था, तभी दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई। इसके बाद दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे।
इस दौरान कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर भेजा गया है।
घटना के दौरान एक और गंभीर आरोप सामने आया है। एक पक्ष का कहना है कि दूसरे पक्ष ने मंदिर की मूर्ति को नुकसान पहुंचाया है। इस आरोप के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और भी बढ़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। नारनौल पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जवान बुलाए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया है और लोगों से अपील की है कि वे कानून हाथ में न लें। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !