उ०स०डेस्क : रेल यात्रियों को 30 जून तक ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर सर्विस टैक्स छूट का लाभ मिलता रहेगा। यात्रियों की मदद करने और टिकट आरक्षण के लिए डिजिटल माध्यम से उन्हें भुगतान करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इससे पहले 23 नवंबर 2016 से 31 मार्च 2017 तक ऑनलाइन टिकट बुक कराने पर सर्विस चार्ज को हटा लिया गया था।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस अवधि का विस्तार अब 30 जून तक के लिए कर दिया गया है। इस संबंध में रेलवे को सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से संकेत दिए गए थे जिसके बाद यह फैसला लिया गया। आईआरसीटीसी के जरिए ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक कराने पर 20 से 40 रुपए प्रति टिकट का से सर्विस चार्ज लगता है। डिजिटल माध्यम से भुगतान को बढ़ावा देने के लिये सरकार ने नवंबर में नोटबंदी के बाद सर्विस चार्ज को हटा लिया था।
आमतौर पर आईआरसीटीसी के माध्यम से टिकिटों की ऑनलाइन बुकिंग पर सेवा प्रभार के रुप में 20 से 40 रुपए प्रति टिकट लिए जाते हैं। सरकार ने नोटबंदी के फैसले के बाद इस सर्विस टैक्स (सेवा प्रभार) को हटा लिया था। सरकार ने यह फैसला डिजिटल ट्रांजेक्शन को प्रोत्साहन देने के लिए लिया था। गौरतलब है कि नोटबंदी का फैसला बीते साल 8 नवंबर को लिया गया था।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !