गुरुग्राम के एक परिवार के साथ ऐसा धोखा हुआ, जिसने उनके भरोसे को पूरी तरह तोड़ दिया। सेक्टर-31 में रहने वाले एक परिवार के घर से करीब 10 लाख रुपये के जेवर गायब हो गए, और शक घर में काम करने वाले नौकर-नौकरानी पर है।

मोहित यादव ने पुलिस को बताया कि उनके घर में सुजीत और उसकी पत्नी निर्मला लंबे समय से काम कर रहे थे। दोनों को परिवार का सदस्य जैसा माना जाता था और घर की कई जिम्मेदारियां उन्हीं के भरोसे थीं।
घटना 18 मार्च की है, जब परिवार एक समारोह में जाने की तैयारी कर रहा था। उसी दौरान जब मोहित की मां ने अलमारी खोली, तो देखा कि उसमें रखे कीमती जेवर गायब हैं। यह देखकर पूरे परिवार के होश उड़ गए।
जांच के दौरान परिवार को याद आया कि घर में काम करने वाले दंपती को अलमारी की चाबी के बारे में जानकारी थी। साथ ही, दोनों पिछले कुछ महीनों से काम पर भी नहीं आ रहे थे, जिससे उनका शक और गहरा गया।
परिवार का आरोप है कि सुजीत और निर्मला ने पहले ही चोरी की योजना बना ली थी और मौका मिलते ही जेवर लेकर फरार हो गए। चोरी में सोने की चेन, लॉकेट, हीरे की अंगूठी और मंगलसूत्र शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !