Breaking News

हक के साथ फर्ज भी बताता है हमारा संविधान : सीएम योगी

राज प्रताप सिंह, लखनऊ ब्यूरो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है  कि देश संविधान लागू करने के 70 वर्ष पूरे कर रहा है।  संविधान ने हमें बहुत कुछ दिया है इसलिए हमें अपने संविधान पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए। हम अपने संवैधानिक अधिकारों की बात करते तो हैं, लेकिन कर्तव्यों की नहीं। जबकि हमारा संविधान हक के साथ फर्ज भी बताता है।


मुख्यमंत्री ने रविवार को  अवध शिल्पग्राम में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान दिवस के मौके पर प्रदेश सरकार ने विधानसभा में इसी विषय पर चर्चा को लेकर विशेष सत्र का आयोजन किया था। इस बार का गणतंत्र दिवस हमें संविधान द्वारा प्रदत्त कर्तव्यों की याद दिला रहा है।


उन्होंने  गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत दुनिया के उन कुछ चुनिंदा लोकतांत्रिक देशों में है, जिसने संविधान लागू होने के तत्काल बाद इस देश के हर वयस्क नागरिक को मताधिकार दिया। उत्तर प्रदेश दिवस के इस तीन दिवसीय आयोजन में लखनऊ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के कलाकारों को मंच प्राप्त हुआ। साथ ही प्रदेश के कोने-कोने से लोग यहां प्रदर्शनी देखने भी आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हर व्यक्ति ईमानदारी से अपने-अपने क्षेत्र में अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर ले, तो समाज और राष्ट्र का कल्याण हो सकता है। हम सब बहुत सारे लोगों के चेहरों पर खुशहाली ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि आपसी स्वार्थ की लड़ाई जब प्रारंभ होती है, तो वहां पर टकराव की स्थिति उतनी ही तीव्र होती दिखाई देती है। लेकिन जहां पर हम सब अपने कर्तव्यों के प्रति स्वयं सचेत रहते हैं, वहां पर टकराव नहीं होता, क्योंकि वहां स्वार्थ नहीं होता।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश की परंपरा पर गौरव की अनुभूति इसलिए भी करनी चाहिए, क्योंकि यह सभ्यता और संस्कृति की धरती है। देश और दुनिया को बहुत कुछ हम उत्तर प्रदेश के माध्यम से दे सकते हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता को ईमानदारी के साथ अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करना होगा। जब हर व्यक्ति अपनी पूरी शक्ति का इस्तेमाल करेगा, तो सचमुच उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में होगा।


मुख्यमंत्री  ने कहा कि पहले छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब हमारी सरकार ने यह व्यवस्था कर दी है कि छात्रवृत्ति की पहली किस्त छात्र-छात्राओं के खाते में 2 अक्टूबर और दूसरी किस्त गणतंत्र दिवस के दिन चली जाए। इसी के तहत आज इस मंच से प्रदेश के 56 लाख 66 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के खाते में छात्रवृत्ति की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति पाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या साल दर साल बढ़ रही है। इस बार 10 लाख 56 हजार अतिरिक्त छात्र-छात्राएं पहली बार छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री  ने कहा कि 25 जनवरी को यहां पर प्रदेश के परंपरागत उद्यम को आगे बढ़ाने, विश्वकर्मा श्रम सम्मान से जुड़े हुए कारीगरों के सम्मान और खादी ग्रामोद्योग से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर  जो आयोजन हुए वह काफी सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि इसी माह की 24 तारीख को हमारी सरकार ने अटल आवासीय विद्यालय का शिलान्यास किया। ये विद्यालय प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खोले जाएंगे।
मंच पर समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंदगोपाल नंदी, राज्यमंत्री मोहसिन रजा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, मुख्य सचिव आरके तिवारी, प्रमुख सचिव समाज कल्याण मनोज सिंह, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति जितेंद्र कुमार भी थे।इस मौके पर  बेगम अख्तर सम्मान,स्वच्छ भारत मिशन के लिए प्रधानों और पर्यटन परियोजना में निवेश के लिए  उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। 

Check Also

पूर्व विधायक रविंद्र सिंह चौहान ने चकरनगर चकरनगर में जनता से किया संपर्क स्थापित

चकरनगर/इटावा। पूर्व विधायक रविंद्र सिंह चौहान गांव ललूपुरा में क्वारी नदी व सिंध नदी के …

टीबी मरीजों के नोटिफिकेशन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

संस्था द्वारा छह माह के लिए टीबी मरीजों को गोद लिया गया है द्य हर …

चकरनगर में भारी बारिश का कहर कई घर धराशाही हो परिजनों ने लिया बरसाती का सहारा

(डॉ0एस.बी.एस. चौहान) चकरनगर (इटावा), चकरनगर विकासखंड के अंतर्गत हुई मौसमी बरसात से चारों तरफ तबाही …