मदारपुर गांव में 25 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने नया मोड़ लेते हुए दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। इस मामले में पति समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मदारपुर निवासी प्रदीप की पत्नी राजेश्वरी ने 25 मार्च की शाम अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के पिता सतपाल, निवासी ग्राम पतीसा, ने पुलिस को लिखित तहरीर दी।
तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति प्रदीप, देवर राजवीर, जेठ जयवीर, ससुर वीरेश कुमार और एक महिला सुशीला के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं। घटना के बाद दोनों बच्चों की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !