Breaking News

चकमा हत्याकांड: मौसम की मार, बर्फीले इलाकों में छिपा मुख्य आरोपी

देहरादून में हुए चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में खराब मौसम बड़ी बाधा बनकर सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी भारत-नेपाल सीमा से सटे बर्फीले पहाड़ी इलाकों में छिपा हुआ है। लगातार बढ़ती ठंड और भारी बर्फबारी के चलते सर्च ऑपरेशन फिलहाल धीमा पड़ गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की तलाश में गई टीमें मौसम बिगड़ने के कारण वापस लौट आई हैं। इस बीच देहरादून पुलिस ने गृह मंत्रालय को पूरे मामले की जानकारी देते हुए पत्र भेजा है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर नेपाल सरकार से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि एंजेल चकमा हत्याकांड का मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी घटना के बाद से ही फरार है और भारत-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में ही छिपे होने की सूचना है। सीमावर्ती इलाकों में इन दिनों भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे पुलिस को अभियान चलाने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि बीते वर्ष 9 दिसंबर को सेलाकुई थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस दौरान कुछ युवकों ने त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा और उसके भाई माइकल चकमा पर हमला कर दिया था। विवाद इतना बढ़ा कि एक आरोपी ने पास की दुकान से चाकू उठाकर एंजेल पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल एंजेल की इलाज के दौरान 26 दिसंबर को मौत हो गई थी।

इस मामले में पुलिस ने कुल छह आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिनमें से पांच को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी पिछले करीब 25 दिनों से फरार है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरार आरोपी ने घटना के बाद से अपना मोबाइल फोन बंद रखा है और न ही किसी रिश्तेदार या परिचित से संपर्क किया है। इससे पुलिस को उसके ठिकाने तक पहुंचने में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि मौसम के सामान्य होते ही भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में फिर से सर्च ऑपरेशन तेज किया जाएगा। नेपाल पुलिस से भी हर संभावित सूचना पर नजर रखी जा रही है।

Check Also

नशे में धुत टैक्सी चालक से बचने के लिए युवती ने जंगल में छिपकर बिताई रात

उत्तराखंड के नैनीताल के पास एक युवती के साथ हुई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर …

लेनदेन विवाद में दोस्त की हत्या

देहरादून के जौलीग्रांट क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई …

शादी की खुशियों के बीच मासूम की रहस्यमयी मौत

उत्तराखंड के लालकुआं क्षेत्र में एक पांच वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत ने इलाके में …