Breaking News

दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, लेकिन राहत अधूरी; ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है एक्यूआई

दिल्लीवासियों को वायु प्रदूषण से फिलहाल हल्की राहत जरूर मिली है, लेकिन हवा की सेहत अब भी चिंता का कारण बनी हुई है। तेज हवाओं के असर से राजधानी में वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार दर्ज किया गया है, हालांकि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) अब भी ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के मुताबिक, सोमवार सुबह राजधानी का औसत एक्यूआई 293 रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले रविवार को यह आंकड़ा 291 रहा, जो शनिवार के मुकाबले करीब 55 अंकों की गिरावट दर्शाता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। बोर्ड के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार से हवा की रफ्तार कम होने पर प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ सकता है और जहरीली फिजा लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

इलाकों में अलग-अलग हालात

सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर अब भी गंभीर चिंता का विषय है। अलीपुर में 263, आनंद विहार में 329, अशोक विहार में 302, आया नगर में 239, बवाना में 310, बुराड़ी में 245 और चांदनी चौक में 336 एक्यूआई दर्ज किया गया है।

इसके अलावा डीटीयू क्षेत्र में 339, द्वारका सेक्टर-8 में 324, आईजीआई एयरपोर्ट टी-3 पर 221, आईटीओ में 296, जहांगीरपुरी में 327, लोधी रोड में 248, मुंडका में 339, नजफगढ़ में 257, नरेला में 270 और पंजाबी बाग में 311 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। आरकेपुरम में 329, रोहिणी में 308, सोनिया विहार में 304, विवेक विहार में 311 और वजीरपुर में 312 एक्यूआई दर्ज किया गया है।

एक्यूआई क्या बताता है

वायु गुणवत्ता सूचकांक 0–50 के बीच हो तो हवा साफ मानी जाती है। 51–100 संतोषजनक, 101–200 मध्यम, 201–300 खराब, 301–400 बेहद खराब और 401–500 गंभीर श्रेणी को दर्शाता है। गंभीर स्थिति में वायु प्रदूषण सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है, खासकर बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए।

ठंड ने भी बढ़ाई मुश्किल

प्रदूषण के साथ-साथ कड़ाके की ठंड ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला से भी कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। शीतलहर को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन का तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय तेज ठंड बनी रह सकती है।

हालांकि 12 से 17 जनवरी के बीच आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। 13 जनवरी के बाद तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी जा सकती है।

Check Also

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति को मिला भारत की विरासत का खास उपहार

नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की अद्वितीय कला …

यमुना बाजार में उजड़ने का डर: 310 परिवारों के सामने घर बचाने की जंग

दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में इन दिनों बेचैनी और अनिश्चितता का माहौल है। प्रशासन …

गैंग बस्ट अभियान में पुलिस की सफलता, गोगी गैंग का सदस्य गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन …