Breaking News
Home / दिल्ली / कमांडो काजल मर्डर केस: पति के छुपे राज, डर और घरेलू उत्पीड़न की परतें खुलीं

कमांडो काजल मर्डर केस: पति के छुपे राज, डर और घरेलू उत्पीड़न की परतें खुलीं

दिल्ली पुलिस की 27 वर्षीय कमांडो काजल की हत्या के मामले में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। अब मृतका के मायके पक्ष ने ऐसे तथ्य उजागर किए हैं, जिनसे यह मामला सिर्फ घरेलू विवाद नहीं, बल्कि डर, राजफाश और लंबे समय से चल रहे मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न की खौफनाक कहानी बनता जा रहा है।

काजल के भाई निखिल और मां मीना का आरोप है कि आरोपी पति अंकुर की जिंदगी में कुछ ऐसे राज थे, जिनकी जानकारी काजल को थी। इन्हीं राजों के सामने आ जाने के डर ने अंकुर को इतना असहज और आक्रामक बना दिया कि उसने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।

पेपर लीक से जुड़ा था आरोपी पति का नाम

परिवार के अनुसार, अंकुर का नाम उत्तर प्रदेश के एक चर्चित पेपर लीक मामले से जुड़ चुका था। इसके अलावा उस पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और एक अन्य संदिग्ध मामले में भी संलिप्तता के आरोप थे। काजल इन सभी बातों से वाकिफ थी। यही वजह थी कि अंकुर हमेशा आशंकित रहता था कि कहीं काजल ने यह बातें किसी को बता दीं तो उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी।

निखिल का कहना है कि काजल कभी-कभी मजाक के अंदाज में यह कह देती थी कि “मेरठ वाले कांड से तो बच गए, लेकिन अगर सब सच बाहर आ गया तो मुश्किल हो जाएगी।” हालांकि काजल की यह बातें हल्के-फुल्के अंदाज में होती थीं, लेकिन अंकुर इसे गंभीर खतरे के रूप में लेता था।

छह महीने पहले भी हुई थी मारपीट

परिवार का दावा है कि करीब छह महीने पहले भी अंकुर ने काजल के साथ मारपीट की थी। उस वक्त मामला किसी तरह दब गया था। निखिल के अनुसार, मारपीट के बाद अंकुर ने काजल के पैर पकड़कर माफी मांगी थी और दोबारा ऐसा न करने का वादा किया था। लेकिन यह माफी महज दिखावा साबित हुई।

काजल ने उस घटना के बाद अपने परिवार से दूरी बना ली थी। वह अपनी शादी को बचाने और सामाजिक बदनामी से बचने के लिए सब कुछ सहती रही।

सिर पर डंबल मारकर की गई हत्या

यह दिल दहला देने वाली वारदात 22 जनवरी की रात की है। हरियाणा के गन्नौर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाला अंकुर, जो काजल का पति था, ने घरेलू विवाद के दौरान काजल के सिर पर डंबल से वार कर उसकी हत्या कर दी। काजल मूल रूप से गांव बड़ी की रहने वाली थी और दिल्ली पुलिस में कमांडो के पद पर तैनात थी।

परिवार के अनुसार, काजल कुछ दिन पहले ही भाई निखिल के घर आई थी। निखिल दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत है। उसकी पत्नी को हाल ही में बेटी हुई थी और इसी खुशी में काजल घर आई थी। 21 जनवरी को उसने यह कहकर दिल्ली लौटने की बात कही कि 26 जनवरी की ड्यूटी के कारण उसे जल्दी वापस जाना है। किसी ने नहीं सोचा था कि अगले दिन उसकी मौत की खबर आएगी।

हत्या से पहले भाई से हुई थी आखिरी बातचीत

निखिल ने बताया कि हत्या वाली रात काजल ने उसे फोन किया था। उस वक्त वह बेहद भावुक और तनाव में थी। उसने पति के साथ हुए झगड़े के बारे में बताया था। बातचीत के दौरान काजल ने अपने करियर, बढ़ते कर्ज, आर्थिक दबाव और ससुराल में मिल रहे तनाव के बारे में खुलकर बात की थी।

काजल ने निखिल को बताया था कि शादी से पहले उसने करीब 10 लाख रुपये का लोन लिया था, जिसमें से 5 लाख रुपये उसने अंकुर को दिए थे। इसके अलावा देवर की शादी में 15 लाख रुपये की ज्वैलरी, कार की किस्त और घर के अन्य खर्चों का बोझ भी उसी पर था। इसके बावजूद उसे ताने और अपमान झेलना पड़ रहा था।

प्रेम विवाह बना उत्पीड़न की वजह

काजल की मां मीना का कहना है कि प्रेम विवाह होने के कारण ससुराल वाले उसे शुरू से ही पसंद नहीं करते थे। रंग-रूप को लेकर उसे ताने मारे जाते थे। ससुर ओमप्रकाश और ननद पर भी मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। परिवार का कहना है कि काजल को बार-बार धमकाया जाता था कि अंकुर की दूसरी शादी करा दी जाएगी।

मीना के मुताबिक, अंकुर और उसका एक दोस्त रुड़की में एक ऐसा सेंटर चलाते थे, जहां सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया जाता था। इस सेंटर का नाम पेपर लीक और एक व्यक्ति की मौत से भी जोड़ा गया था। इन्हीं मामलों के कारण अंकुर हमेशा डरा रहता था।

राज खुलने का डर बना हत्या की वजह?

मायके पक्ष का सीधा आरोप है कि अंकुर को यह डर सता रहा था कि काजल कभी भी उसके अतीत के राज उजागर कर सकती है। इसी डर ने उसे हिंसक बना दिया और उसने अपनी पत्नी की जान ले ली। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच हो तथा अंकुर के पुराने आपराधिक कनेक्शन भी खंगाले जाएं।

न्याय की मांग

काजल के परिवार का कहना है कि वह सिर्फ एक पुलिसकर्मी नहीं थी, बल्कि एक जिम्मेदार बेटी, बहन और पत्नी थी। उसने अपने परिवार और ससुराल दोनों की जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन बदले में उसे हिंसा और अपमान मिला। अब परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और चाहता है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि किसी और काजल को अपनी जान न गंवानी पड़े।

Check Also

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति को मिला भारत की विरासत का खास उपहार

नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की अद्वितीय कला …

यमुना बाजार में उजड़ने का डर: 310 परिवारों के सामने घर बचाने की जंग

दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में इन दिनों बेचैनी और अनिश्चितता का माहौल है। प्रशासन …

गैंग बस्ट अभियान में पुलिस की सफलता, गोगी गैंग का सदस्य गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन …