
राज प्रताप सिंह (लखनऊ ब्यूरो) :: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में कोविड-19 पॉजिटिव की संख्या 400 को पार कर गई है। यूपी के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 410 हो गई है। इसमें 221 लोग सिर्फ तबलीगी जमात से जुड़े लोग हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक इस बीमारी से 31 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि चार लोगों की मौत हुई है।
प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए अपर मुख्य सचिव (गृह व सूचना) अवनीश अवस्थी ने बताया कि राज्य में लॉकडाउन उल्लंघन करने के मामले में 12 हजार से अधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि 39 हजार 857 लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत 12 हजार 236 एफआईआर अभी तक दर्ज की गई है। वहीं फेक न्यूज फैलाने के आरोप में 78 मामले दर्ज किए गए हैं।
प्रदेश के हॉटस्पॉट वाले इलाकों में प्रशासन पूरी सख्ती से नियमों को लागू करवा रहा है। अवस्थी ने बताया कि गृह विभाग ने जिला अधिकारियों को आदेश दिया है कि किसी भी तरह की आवाजाही इन इलाकों में नहीं होनी चाहिए। यहां सिर्फ सफाईकर्मी और आवश्यक सामानों की डोर-टू-डोर डिलीवरी करने वाले ही जा सकेंगे।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !