राज प्रताप सिंह, लखनऊ ब्यूरो। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी(लोहिया) प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि देश की अखंडता बनाए रखने में मुस्लिम धर्मगुरुओं का बड़ा योगदान है। आजादी की लड़ाई में मुस्लिम धर्म गुरुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह देश का दुर्भाग्य है कि आज विभाजनकारी शक्तियों द्वारा देश में साम्प्रदायिक विभाजन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित इस्लामिक बुद्धिजीवियों व धार्मिक नेताओं के एक कार्यक्रम में यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि लोहिया कहा करते थे कि हर व्यक्ति अपने जीवन के किसी मोड़ पर अल्पसंख्यक होता है। कई बार भीड़ में आपकी कोई विशिष्टता, आदत या पहचान आपको बाकियों से अलग कर देती है। असल में आपको अल्पसंख्यक होने की पीड़ा तब समझ में आती है। इसलिए लोकतंत्र का तकाजा है कि सभी को सम्मान मिले।

इस अवसर पर मोहम्मद शमीम कादरी और मौलाना परवेज कमाल के नेतृत्व में मौलाना वली हैदर साहब, मौलाना सलमान, इमरान अहमद, कारी सलाउद्दीन, मौलाना इरफान, मौलाना फिरोज सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रसपा (लोहिया) की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष जर्रार हुसैन, यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमर रजा, प्रदेश महासचिव इरफान मलिक, सचिव सैय्यद हम्माद, गयासुल हक, मोहम्मद ताज, मो. फारूख, मो. जावेद आदि उपस्थित थे।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !