जालंधर के बूटा मंडी इलाके में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लकड़ी के गोदाम से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सुबह करीब पांच बजे लगी आग ने तेज हवाओं के चलते कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही नजर आने लगा, जिससे पूरे रिहायशी क्षेत्र में दहशत फैल गई।

आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन गोदाम में रखी लकड़ी के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। हालात बेकाबू होते देख तुरंत दमकल विभाग को बुलाया गया।
दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जान-माल की हानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !