Breaking News

शाहदरा साइबर थाने में सनसनी: शिकायत लेकर पहुंचे युवक ने पुलिस पर किया चाकू से हमला, 6 जवान घायल

नई दिल्ली:

शाहदरा जिले के साइबर पुलिस थाने में बुधवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शिकायत लेकर आए एक युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में पांच पुलिस सिपाही और एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए।

डीसीपी सत्यम सुंदरम के अनुसार, सभी घायलों को पहले जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है।

पुलिस ने हमले के आरोपी भरत भाटी को मौके से हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी किसी शिकायत को लेकर साइबर थाने पहुंचा था। बातचीत के दौरान वह अचानक वीडियो रिकॉर्ड करने लगा। जब ड्यूटी पर तैनात सिपाही सुनील ने उसे वीडियो बनाने से रोका, तो आरोपी ने गुस्से में आकर सुनील के सीने पर चाकू से हमला कर दिया।

इसके बाद बीच-बचाव करने आए सिपाही दीपक, अमित, मनीष, एक अन्य जवान और होमगार्ड रवि पर भी आरोपी ने ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमले के बाद आरोपी ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की और दीवार पर सिर पटकने लगा।

इस हमले में घायल सिपाही सुनील की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।

Check Also

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति को मिला भारत की विरासत का खास उपहार

नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की अद्वितीय कला …

यमुना बाजार में उजड़ने का डर: 310 परिवारों के सामने घर बचाने की जंग

दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में इन दिनों बेचैनी और अनिश्चितता का माहौल है। प्रशासन …

गैंग बस्ट अभियान में पुलिस की सफलता, गोगी गैंग का सदस्य गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन …