हरियाणा के यमुनानगर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिस मौत को परिवार ने एक सामान्य हादसा समझकर अंतिम संस्कार कर दिया था, वही मौत पांच महीने बाद हत्या साबित हुई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि एक महिला को उसकी ही बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रास्ते से हटा दिया।

हादसे की आड़ में छुपी थी साजिश
मृतका की बहू ने शुरुआत में दावा किया कि सास चारपाई से गिर गई थीं, जिससे उनकी जान चली गई। इसी बयान के आधार पर बिना किसी संदेह के अंतिम संस्कार कर दिया गया। लेकिन समय के साथ मृतका के बेटे को कई कड़ियां खटकने लगीं।
एक तकिया बना सबसे बड़ा सबूत
बेटे ने बताया कि उसकी मां जीवन भर बिना तकिए के सोती थीं, लेकिन मौत के समय तकिया रखा मिला। इसके अलावा सिर से खून निकलने के निशान भी साफ दिखे थे। इन्हीं तथ्यों के आधार पर एसपी कार्यालय में शिकायत दी गई, जिसके बाद पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की।
प्रेम संबंध में बन रही थी दीवार
जांच में सामने आया कि मृतका अपनी बहू को उसके प्रेमी से बात करने से रोकती थी। बहू को यह रोकटोक मंजूर नहीं थी। पुलिस के अनुसार यही नाराजगी धीरे-धीरे साजिश में बदल गई और हत्या की वजह बनी।
नाइट शिफ्ट के दौरान रची गई चाल
घटना की रात मृतका का बेटा फैक्ट्री में काम कर रहा था। रात करीब 12 बजे जब उसने घर फोन किया, तो बहू ने सास की तबीयत खराब बताई। मां से बात कराने की बात पर बच्चे के रोने का बहाना बनाकर फोन काट दिया गया। कुछ देर बाद अचानक फोन कर बताया गया कि सास चारपाई से गिर गई हैं और उनकी मौत हो गई
अब आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने बहू और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सीआईए टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की परतें और खुलेंगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !