रेवाड़ी जिले के खोरी बस स्टैंड क्षेत्र में चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात के समय तीन नकाबपोश चोरों ने अच्छी मार्केट में घुसकर एक-एक कर 18 दुकानों के ताले तोड़ डाले और लाखों रुपये के सामान की चोरी कर फरार हो गए।

घटना जैसलमेर नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे स्थित मार्केट की है, जहां हार्डवेयर, मेडिकल, कपड़ों, साइकिल और अन्य दुकानों की कतार है। वीरवार सुबह दुकानदारों ने जब दुकानें खोलीं, तो ताले टूटे मिले। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सभी दुकानदार बस स्टैंड पर इकट्ठा हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही कुंड पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। चोरों ने कई सीसीटीवी कैमरों की वायर काटने की कोशिश की, लेकिन कुछ कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में चोर कटर लेकर दुकानें तोड़ते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। दुकानदारों ने फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !