हरियाणा के रोहतक में आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के रोहतक-दिल्ली बाईपास पर सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान निजामपुर माजरा निवासी दिनेश उर्फ गोगा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दिनेश सड़क से गुजर रहा था तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने उसे घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने उस पर लगातार कई राउंड फायर किए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 10 से अधिक गोलियां चलाईं, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
यह वारदात उस समय और अधिक सनसनीखेज बन गई जब पता चला कि गोलीबारी स्थल पुलिस के आईजी कार्यालय से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर है। इतने संवेदनशील इलाके में हुई हत्या ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का गांव रिटौली में भी संबंध था और कुछ पुराने विवादों की जानकारी पुलिस को मिली है। इसी आधार पर पुलिस इस हत्या को गैंग रंजिश से जोड़कर देख रही है। सूत्रों के अनुसार, इस वारदात के पीछे कुख्यात भाऊ गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही, मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर उसकी पृष्ठभूमि और हालिया गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !