Breaking News

अवध क्षेत्र में बारिश के साथ भारी ओला वृष्टि, 13 मरे

राज प्रातप सिंह, लखनऊ ब्यूरो। रोज बदल रहा मौसम एक बार फिर किसानों के लिए आफत लेकर आया है। गुरुवार रात से अवध क्षेत्र में हो रही बारिश और ओला वृष्टि ने गेहूं, सरसों समेत रबी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। बारिश और ओला वृष्टि शुक्रवार को भी जारी रही। इस दौरान आंधी, पानी, आकशीय बिजली से 13 लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक आठ मौतें सीतापुर जिले में हुई हैं।

सीतापुर जिले में शुक्रवार तड़के ओलावृष्टि व बारिश से अलग-अलग क्षेत्रों में आठ लोगों की मौत हो गई। संदना क्षेत्र में आकाशीय बिजली से दो लोगों की मौत हो गई। इसी क्षेत्र में दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। सिधौली क्षेत्र में पेड़ गिरने से तहसील कर्मचारी की मौत हो गई। महमूदाबाद में भी पेड़ गिरने से एक किशोरी की मौत हो गई। वहीं इसी इलाके में दीवार गिरने से वृद्ध ने दम तोड़ दिया। सदरपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में दीवार ढहने से एक किशोरी सहित दो ने दम तोड़ दिया। कई क्षेत्रों में सौ ग्राम तक के ओले गिरे।

  • बाराबंकी में दो की मौत

बाराबंकी जिले में ओला वृष्टि के कारण गेहूं, सरसों के साथ दलहनी फसलों के साथ आम की फसल को भारी क्षति पहुंची है। कृषि विभाग व राजस्व विभाग की टीमें सर्वे के लिए लगा दी गईं हैं। इस दौरान सत्तर से नब्बे प्रतिशत फसलें बर्बाद दिखाई दीं। वहीं तेज हवा व पानी के कारण रामनगर क्षेत्र में नरेनी पुरवा मजरे दलसरांय में रामदीन (65) व सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के भैयसुरिया निवासी अयोध्या प्रसाद रावत (65) की कच्ची दीवार गिरने से मौत हो गई।

  • बहराइच में बालिका सहित दो की मौत, चार घायल

बहराइच में शुक्रवार को हर तरफ ओलों की सफेद चादर बिछी नजर आ रही थी। खेत देखकर लौट रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। हुजूरपुर के चांटीपुरवा में बिजली का पोल गिरने से एक बालिका की मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई बहन घायल हो गए। कई स्थानों पर पेड़ व बिजली पोल जमींदोज हो गए। जरवल रोड इलाके में 300 ग्राम के ओले गिरने से फाइबर टिन शेड में छेद हो गए।

  • अयोध्या में पेड़ गिरने से किसान की मौत

अयोध्या जनपद में गुरुवार की देर रुदौली व पूराबाजार में तेज बारिश हुई और ओले भी गिरे। जजवट गांव में पेड़ गिरने से किसान सीताराम (60) व उसका पुत्र रमेश (24) चोटिल हो गये। किसान की इलाज के दौरान मौत हो गयी।

बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में गुरुवार देर रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। दोपहर में करीब आधे घंटे तक जमकर ओलावृष्टि हुई। वहीं गोण्डा में अब तक दो बार हुई बारिश से बची फसलें इस बार की बारिश से पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। अम्बेडकरनगर जिले में शुक्रवार को तीन चरणों में हल्की और सुबह-शाम मूसलाधार बारिश हुई। वहीं ओलावृष्टि ने फसलों को बर्बाद कर दिया है। सुलतानपुर में तेज ओलावृष्टि से आम के बौर के साथ पेड़ों के पत्ते गिर गए। अमेठी में भी जमकर ओलावृष्टि हुई। रायबरेली में बेमौसम बरसात के साथ जनपद के कई क्षेत्रों में ओले गिरे। ओलावृष्टि 30% से ज्यादा उत्पादन पर प्रभाव पड़ने की संभावना बढ़ गई है।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ और शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के सामाजिक सरोकारों को मिला सम्मान

‘एक पौधा जिंदगी के लिए’ सीजन-10 में नम्रता पाठक ने मंच से सराहे दोनों के …