Breaking News

Jind News: अमेरिका से लॉरेंस गैंग चला रहा था रणदीप मलिक, पंजाब पुलिस की जींद में दबिश; गैंगस्टर का पिता मौके से फरार

हरियाणा के जींद जिले में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से जुड़े आरोपी रणदीप मलिक के घर पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि रणदीप मलिक अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का संचालन कर रहा था। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी का पिता जगबीर सिंह घर से फरार हो गया।

ऐंचरा कलां गांव निवासी रणदीप मलिक के घर पर यह कार्रवाई पंजाब के फाजिल्का से आई पुलिस टीम ने की। डीएसपी अविनाश के नेतृत्व में पंजाब पुलिस स्थानीय सरफाबाद चौकी पुलिस को साथ लेकर बुधवार सुबह गांव पहुंची थी। छापेमारी के दौरान जैसे ही पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई, रणदीप का पिता जगबीर सिंह मौके से भाग निकला।

15 साल से अमेरिका में रह रहा है रणदीप

पंजाब पुलिस के अनुसार रणदीप मलिक पिछले करीब 15 वर्षों से अमेरिका में रह रहा है। लॉरेंस बिश्नोई और उसका भाई अनमोल बिश्नोई जब गुजरात की जेल में बंद हुए, उसके बाद से रणदीप ने विदेश में बैठकर गैंग की कमान संभाल ली। पुलिस का दावा है कि गैंग से जुड़े कई अहम फैसले और वारदातों के आदेश अमेरिका से ही दिए जाते हैं।

डीएसपी अविनाश ने बताया कि रणदीप मलिक के खिलाफ पंजाब में रंगदारी मांगने, हत्या की साजिश रचने और अन्य संगीन अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। बुधवार को उसके पिता को हिरासत में लेने की कोशिश की गई, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ

छापेमारी के दौरान पुलिस ने रणदीप के चाचा, अन्य परिजनों और गांव के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस टीम ने यह जानने की कोशिश की कि रणदीप के अमेरिका जाने के बाद गांव में उसका संपर्क किन-किन लोगों से रहा और उसकी आर्थिक गतिविधियां क्या हैं।

जमीन बेचकर गया था विदेश

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रणदीप मलिक के पिता जगबीर सिंह के पास गांव में करीब दो एकड़ जमीन थी। करीब 15 साल पहले उसी जमीन को बेचकर रणदीप को अमेरिका भेजा गया था। अमेरिका पहुंचने के कुछ साल बाद ही रणदीप लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपर्क में आया और धीरे-धीरे गैंग का अहम सदस्य बन गया।

संपत्ति और बैंक खातों की जांच शुरू

पंजाब पुलिस ने रणदीप मलिक और उसके परिजनों की संपत्ति की जांच भी शुरू कर दी है। ग्रामीणों से पूछा गया कि क्या रणदीप ने गांव या आसपास कहीं जमीन, मकान या होटल में निवेश किया है। इसके अलावा परिजनों के बैंक खातों की जानकारी भी जुटाई गई है।

पुलिस अब बैंक शाखाओं से खातों की पूरी डिटेल निकलवाएगी। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि कहीं अमेरिका या अन्य देशों से किसी खाते में संदिग्ध रकम तो नहीं आई। यदि विदेश से फंड ट्रांसफर के सबूत मिलते हैं, तो संबंधित खातों को सीज किया जाएगा।

गैंग को फंडिंग और ऑर्डर देता है रणदीप

डीएसपी अविनाश के मुताबिक इस समय रणदीप मलिक लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय संचालन कर रहा है। कौन सी वारदात कहां करनी है, इसके निर्देश वह अमेरिका में बैठकर देता है। गैंग से जुड़े बदमाश उसी के आदेशों पर काम करते हैं। इतना ही नहीं, वारदात से पहले बदमाशों को फंड मुहैया कराने की जिम्मेदारी भी रणदीप निभाता है।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गैंग को पैसा कौन-कौन लोग और किन देशों से भेज रहे हैं। लॉरेंस और अनमोल बिश्नोई के जेल जाने के बाद गैंग की फंडिंग का बड़ा हिस्सा रणदीप के जरिए संचालित हो रहा है।

आसपास के गांवों पर भी नजर

पंजाब पुलिस की टीमें सफीदों क्षेत्र और आसपास के गांवों में लगातार दबिश दे रही हैं। जिन युवकों के हाल के वर्षों में अमेरिका जाने की जानकारी मिली है, उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इनमें से कुछ लोगों के तार भी रणदीप मलिक के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल पंजाब पुलिस रणदीप मलिक और उसके फरार पिता की तलाश में जुटी हुई है और इस अंतरराज्यीय गिरोह की पूरी कड़ी को उजागर करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Check Also

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति को मिला भारत की विरासत का खास उपहार

नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की अद्वितीय कला …

अंबाला में पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए मेगा टीकाकरण अभियान की शुरुआत, हजारों पशुओं को मिलेगा लाभ

अंबाला जिले में पशुपालन को मजबूत बनाने और पशुओं को खतरनाक बीमारियों से बचाने के …

रफ्तार की मार: अंबाला सड़क हादसे में पिता की मौत, बेटे की बची जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हरियाणा के अंबाला शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को …