राज प्रताप सिंह, लखनऊ ब्यूरो। कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार ने और कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ, कानपुर व नोएडा शहर को पूरी तरह सेनीटाइज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खाने पीने के सामान की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारियों से कहा है कि वह किसी भी हालत में जमाखोरी न होने दें। उन्होंने 31 मार्च तक सरकारी अस्पतालों में गैर जरूरी ओपीडी व जांच स्थगित करने व केवल इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने को कहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरी तरह सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने राज्य के सभी हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों की सघन चेकिंग की जाए। सभी माल बंद कर दिए जाएं। उन्होंने कहा गया सभी मांगलिक, आध्यात्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित रखे जाएं। वैवाहिक कार्यक्रमों में आमंत्रितों की तादाद 10 रखी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर विकास विभाग शहरों में नियमित रूप से फागिंग करवाए। कालेजों व स्कूलों को पूरी तरह बंद किया जाए। स्कूलों व कालेजों के प्रिंसिपल व प्रबंधक यह देखें कि 2 अप्रैल 2020 तक शिक्षक, व गैरशिक्षक स्टाफ स्कूल कालेज न आएं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खाद्यान्न व रोजमर्रा के सामान की कोई कमी नहीं है। जो जमाखोरी करेगा उस पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।

घर से काम कराने की व्यवस्था सरकारी विभागों में भी लागू करवाई जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी क्षेत्र के संस्थानों व नियोक्ताओं को इस बात के लिए प्रेरित किया जाए कि वह घर से ही कर्मचारियों को काम करने को कहें। इस व्यवस्था को सरकारी विभागों में आवश्यकतानुसार कराया जाए। तहसील दिवस, समाधान दिवस, मुख्यमंत्री आरोग्य मेला तथा जनता दर्शन का आयोजन दो अप्रैल तक स्थगित रखा जाए। पुलिस व्यापक स्तर पर पेट्रोलिंग करे। किसी स्थल पर भीड़ एकत्र न होने पाए।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !