
राज प्रताप सिंह (लखनऊ ब्यूरो) :: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 17 जनवरी को राजधानी के रहमानखेड़ा स्थित राज्य कृषि प्रबन्ध संस्थान (सीमा) में खेती-किसानी से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत करेंगे। सीमा में आधुनिक कृषि तकनीक की प्रदर्शनी के साथ-साथ नए एवं आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें पशुपालन, उद्यान व मत्स्य समेत कृषि व उससे जुड़े अन्य क्षेत्रों के तकनीकी विभाग भी अपनी क्रयाकलापों का प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान श्री बिरला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दो दिवसीय कृषि मेला एवं परिचर्चा में भाग लेंगे और प्रदेश में स्थापित होने जा रहे 25 किसान कल्याण केन्द्रों का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा केन्द्र सरकार से पोषित दृष्टि योजना के तहत चयनित एफपीओ (फार्मर्स प्रोड्यूसर्स ऑरगेनाइजेशन) को स्वीकृति पत्र एवं चेक का भी वितरण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान ही नए कृषि विज्ञान केन्द्रों का शिलान्यास भी उनके द्वारा किया जाएगा और फार्म हायरिंग सेंटर के लाभार्थियों को कृषि यंत्र एवं ट्रैक्टरों का वितरण करेंगे।
इसके अतिरिक्त केन्द्र पोषित दृष्टि परियोजना के लिए चयनित किसानों को बीज विधायन संयंत्र एवं गोदाम के निर्माण के लिए चेक भी वितरित करेंगे। सीमा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान जैविक खेती पर तकनीकी विशेषज्ञों का व्याख्यान होगा जिसमें किसानों के साथ-साथ प्रदेश सरकार के तमाम मंत्री, सांसद एवं विधायक भी भाग लेंगे।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !