श्रद्धालुओं को मिलेगा आराम और आध्यात्मिक पर्यटन का अनोखा अनुभव
प्रयागराज में माघमेले के अवसर पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खास टेंट सिटी विकसित की गई है। अरैल क्षेत्र में त्रिवेणी पुष्प से पहले बनाई गई इस टेंट कॉलोनी में कुल 50 आधुनिक कॉटेज तैयार किए गए हैं, जिनकी ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा तैयार इस टेंट सिटी की बुकिंग यूपी राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है। इस बार टेंट सिटी को अरैल साइट पर विकसित किया गया है, जहां प्रीमियम, लग्जरी और डीलक्स श्रेणी के कॉटेज उपलब्ध कराए गए हैं।
माघमेले की शुरुआत के साथ ही देश-विदेश से श्रद्धालु संगम नगरी पहुंच रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए संगम की रेत पर आधुनिक सुविधाओं से लैस यह टेंट कॉलोनी बसाई गई है, ताकि कल्पवासी और पर्यटक सुरक्षित, आरामदायक और यादगार प्रवास का अनुभव कर सकें।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि टेंट सिटी परिसर में यज्ञशालाएं बनाई गई हैं, जहां नियमित रूप से भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही यहां एक कलाग्राम भी विकसित किया गया है, जहां स्थानीय शिल्प और लोककलाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि माघमेले के माध्यम से रोजगार और नवाचार को बढ़ावा मिल रहा है। संगम टेंट सिटी में ‘एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी)’ योजना के तहत प्रयागराज की पारंपरिक मूंज कला के स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे स्थानीय कारीगरों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
टेंट सिटी का किराया
अरैल सेक्टर-7 में बनी इस टेंट कॉलोनी में कुल 50 कॉटेज हैं। इनमें
प्रीमियम कॉटेज: ₹15,000 (12 टेंट)
लग्जरी कॉटेज: ₹11,500 (8 टेंट)
डीलक्स कॉटेज: ₹7,500 (30 टेंट)
इन सभी कॉटेज में ठहरने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित शुल्क में भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !