
राज प्रताप सिंह (लखनऊ ब्यूरो) :: डीजीपी एचसी अवस्थी ने पुलिस अफसरों से कहा है कि कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लागू किए गए लॉक डाउन को देखते हुए रमजान माह में न तो जुलूस निकाले जाएं और न ही सामूहिक रूप से एक स्थान पर एकत्रित होकर कोई धार्मिक कार्यक्रम हो। इसके साथ-साथ सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरी तरह पालन किया जाए। इसके लिए धर्मगुरुओं के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया जाए। प्रदेश के दोनों पुलिस आयुक्त, सभी एडीजी जोन, आईजी-डीआईजी रेंज और पुलिस कप्तानों को डीजीपी ने रमजान माह के दौरान की जाने वाली तैयारियों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि वरिष्ठ अफसर धर्मगुरुओं से अपील करने का अनुरोध करें। पुलिस अपने वाहनों के लाउडस्पीकर से लॉक डाउन का पालन करने तथा सोशल डिस्टेंसिंग के लिए लोगों को लगातार जागरूक किया जाए। सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने समकक्षीय मजिस्ट्रेट के साथ लगातार भ्रमण कर लॉक डाउन का प्रभावी पालन कराएं और प्रभावी गश्त करके कहीं भी भीड़-भाड़ न इकठ्ठा न होने दें। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर भी सतर्क दृष्टि रखी जाए और असत्य एवं भ्रामक सूचना प्रसारित होने पर उसका प्रभावी खंडन किया जाए। डीजीपी ने कहा है कि संवेदनशील इलाकों में यूपी 112 और पुलिस पिकेट को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी की जाए।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !