हरियाणा में प्रेम, विश्वास और धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर धोखे और उत्पीड़न से टूट चुकी एक महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया। आरोप है कि पहले से शादीशुदा युवक ने अपनी पहचान छिपाकर एक तलाकशुदा महिला को प्रेमजाल में फंसाया, धर्म परिवर्तन करवाकर उससे निकाह किया और बाद में उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। लगातार अत्याचार से परेशान होकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पीड़िता की पहचान शहर के तीर्थ नगर इलाके में रहने वाली 30 वर्षीय रेखा के रूप में हुई है। महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी पहले शादी हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवादों के चलते उसका तलाक हो गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गांव अराइयांवाला निवासी फुरकान नामक युवक से हुई। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और धीरे-धीरे प्रेम संबंध स्थापित कर लिया।
महिला का आरोप है कि करीब दो साल पहले आरोपी उसे उत्तर प्रदेश ले गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। उसका नाम बदलकर रूबीना रखा गया और फिर निकाह किया गया। इस दौरान उसके पहचान संबंधी दस्तावेजों में भी नाम परिवर्तन कराया गया। पीड़िता का कहना है कि उस समय उसे यह भरोसा दिलाया गया था कि वह आरोपी की इकलौती पत्नी है और उसे पूरा सम्मान मिलेगा।
निकाह के बाद आरोपी महिला को अपने पैतृक गांव ले जाने के बजाय शहर की प्रेमनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रखने लगा। जब महिला ने उसे परिवार के साथ रहने की बात कही तो आरोपी हर बार टालमटोल करता रहा। कुछ समय बाद महिला को पता चला कि फुरकान पहले से शादीशुदा है। इस सच्चाई के सामने आने के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह उसे मारपीट करने लगा, धर्म को लेकर अपमानजनक बातें कहता और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। पीड़िता ने यह भी बताया कि एक समय आरोपी अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसके परिजनों ने उस पर युवक को गायब कराने का आरोप लगाया। कुछ समय बाद आरोपी लौट आया, लेकिन उत्पीड़न और बढ़ गया।
लगातार दबाव, अपमान और हिंसा से मानसिक रूप से टूट चुकी महिला ने 22 जनवरी को घर में रखा थर्मामीटर तोड़कर उसमें मौजूद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और खून की उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मजिस्ट्रेट के समक्ष महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी युवक और उसके भाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 196(1), 351(2) और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर प्रेम, विश्वास और पहचान छिपाकर किए जाने वाले संबंधों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और पीड़िता की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !