हरियाणा में महिला सुरक्षा को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 की तुलना में महिला अपराधों में 16.26 प्रतिशत की गिरावट आई है, जिसे पुलिस अपनी सख्त रणनीति, विशेष अभियानों और तकनीक आधारित निगरानी का नतीजा बता रही है।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रही है और बीते वर्ष के आंकड़े इस दिशा में किए गए प्रयासों की सफलता को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि 2026 में भी पुलिस का फोकस महिलाओं को और अधिक सुरक्षित माहौल देने, अपराध की रोकथाम और महिलाओं में निर्भीकता का भाव मजबूत करने पर रहेगा।
गंभीर अपराधों में भी आई बड़ी गिरावट
सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम) के तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार महिलाओं से जुड़े कई गंभीर अपराधों में भी कमी दर्ज की गई है।
दुष्कर्म के मामलों में लगभग 25% की गिरावट
दुष्कर्म के प्रयास के मामलों में 33% की कमी
छेड़छाड़ के मामलों में करीब 16% की गिरावट
पोक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में 10% तक कमी
अपहरण और किडनैपिंग के मामलों में 17% से अधिक की गिरावट
दहेज हत्या जैसे संवेदनशील अपराधों में 11% से ज्यादा कमी
पुलिस के अनुसार, महिला अपराधों के निपटारे की दर भी प्रभावशाली रही। वर्ष 2025 में महिला अपराधों की वर्कआउट दर करीब 98 प्रतिशत रही, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मामलों में त्वरित जांच और सख्त कार्रवाई की गई।
हॉटस्पॉट आधारित विशेष पुलिसिंग
महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में हॉटस्पॉट आधारित विशेष अभियान चलाए गए। संभावित छेड़छाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, बाजार और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस टीमों ने सक्रिय निगरानी रखी, जिससे असामाजिक तत्वों पर लगाम लगी।
तकनीक और प्रशिक्षण से बढ़ी सुरक्षा
महिला पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें पीड़ित महिलाओं से संवाद, संवेदनशीलता और फीडबैक आधारित पुलिसिंग पर जोर दिया गया। इसके साथ ही हरियाणा पुलिस ने ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम शुरू किया है। इस सुविधा के तहत अकेले यात्रा करने वाली महिलाएं हरियाणा 112 पर पंजीकरण कर सकती हैं और गंतव्य तक उनकी सुरक्षा निगरानी की जाती है।
डीजीपी की जनता से अपील
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा या महिला अपराध की सूचना तुरंत हरियाणा 112 या नजदीकी थाना को दें। साथ ही पीड़ित महिलाओं का मनोबल बढ़ाएं और सुरक्षित, सम्मानजनक व भयमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !