झंझारपुर मधुबनी संवाददाता(डॉ संजीव शमा) : अनुमंडल के अररिया ओपी क्षेत्र के अररिया – रतुपार मार्ग में अवस्थित मुरली भेदी झा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जल्द ट्रामा सेंटर में बदल दिया जाएगा । मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मुरली भेदी झा ट्रामा सेंटर के लिए 73 पदों को सृजित करने की स्वीकृति सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदान कर दी ।
यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एनएच 57 के ठीक किनारे अवस्थित है । सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले भारी और तीव्र गति से चलने वाले वाहनों से अक्सर दुर्घटनायें घटती है । अभी तक सैकड़ों लोग दुर्घटना के शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं । हाल ही में अनियंत्रित पिकअप वैन की जबरदस्त ठोकर से ट्रक चालक एवं खलासी पिता पुत्र की मौत घटना स्थल पर ही हो गई ।

अररिया रतुपार मार्ग में स्थित मुरली भेदी झा सामुदायिक केंद्र
कई दुर्घटनाग्रस्त लोग अस्पताल पहुंचते पहुंचते अपना दम तोड़ देते हैं । इसका मुख्य कारण दुर्घटना के बाद देरी से इलाज का शुरू होना है । ऐसे में अररिया एनएच 57 के निकट यह ट्रामा सेंटर इस क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा । इस ट्रामा सेंटर से जहां क्षेत्र के लोग लाभान्वित होंगे वहीं दूर दराज के दुर्घटनाग्रस्त लोगों को भी सहूलियत होगी । सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अभी प्राथमिक इलाज कर डीएमसीएच दरभंगा या फिर पटना के लिए रेफर कर दिया जाता है ।
जहां तुरन्त इलाज करने से लोगों की जान बचाई जा सकती है वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग में कहीं भी इस तरह की सुविधा नहीं रहने से लोग जान गंवा बैठते हैं । सूबे के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने अपने ब्लॉग के माध्यम से जानकारी दी है कि ट्रामा सेंटर शुरु हो जाने से दुर्घटना की स्थिति में सही समय पर घायलों का इलाज संभव हो सकेगा और लोगों की जान बच सकेगी । अपने गांव में सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुरली भेदी झा सामुदायिक केंद्र को ट्रामा सेंटर की स्वीकृति दिये जाने को लेकर आभार व्यक्त किया है ।

अनुमंडल के अररिया में कैबिनेट द्वारा ट्रामा सेंटर की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के जिला पार्षद रेजाउद्दीन, पूर्व जिप सदस्य सुनील प्रसाद जीवराजिका, प्रेम कुमार , प्रेमकांत दास, पूर्व मुखिया भागीरथ दास, पंचायत समिति सह प्रखंड पूर्व प्रमुख अनुप कश्यप, सकलदेव सिंह, गौतम झा, समीर कुमार दास, अंजार अहमद, उमर फारुख ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए मंत्री संजय झा को धन्यवाद दिया है ।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !