Breaking News

सरकार के तीन साल :: तीन लाख सरकारी नौकरी और 33 लाख को दिया रोजगार : सीएम योगी

राज प्रताप सिंह, लखनऊ ब्यूरो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर कहा है कि हमने चुनौतियों को अवसरों में बदलकर नया माहौल बनाया। तीन सालों में तीन लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दीं। इसमें गड़बड़ी की कोई शिकायत सामने नहीं आई। पहले व दूसरे ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी व अन्य माध्यमों से तीन लाख करोड़ रुपये का निवेश आने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 33 लाख लोगों को रोजगार दिया गया। उन्होंने कहा कि तीन साल में विकास, सुशासन और विश्वास का माहौल बनाने में सफल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर बुधवार को लोकभवन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तीन साल पहले, भाजपा नेतृत्व ने भरोसा कर मुझे सत्ता की कमान सौंपी थी। उस समय के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। उस समय कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। विकास बेपटरी हो चुका था। संवैधानिक संस्थाओं से लोगों का भरोसा उठ चुका था। हालात चुनौतीपूर्ण थे। उन चुनौतियों को हमने अवसरों में बदलने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा,आज हम प्रदेश में विकास, विश्वास और सुशासन का माहौल कायम करने में कामयाब रहे। हर क्षेत्र में हमने विकास के नए मानक बनाए हैं। इसके सहारे हम देश-दुनिया में यूपी का ‘परसेप्शन’ बदलने में कामयाब रहे हैं। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल मार्गदर्शन और प्रेरणा से संभव हो पाया। इसमें केंद्रीय संसदीय टीम, प्रदेश भाजपा संगठन, सहयोगी मंत्रीगण, अन्य जनप्रतिनिधियों का भी पूरा सहयोग रहा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘परित्राणाय साधूनाम् विनाशाय च दुष्कृताम’ को सूत्र बनाकर हमारी सरकार काम कर रही है। इसका परिणाम है कि तीन वर्ष में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ है।वर्ष 2016 के सापेक्ष 2019 में संगठित अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने में कायमयाब रहे। डकैती के मामले में 59.70 प्रतिशत, लूट में 47.09 प्रतिशत, हत्याओं में 21.71 प्रतिशत, बलवा में 27.20 प्रतिशत, अपहरण में 37.74 प्रतिशत और बलात्कार के मामलों में 17.90 प्रतिशत की कमी आई है। पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में हमारी सरकार ने काफी काम किए हैं। 1.37 लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई है। पुलिस व फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में कार्यवाही आगे बढ़ाई गई है। हम हर रेंज में साइबर थाना और फोरेंसिक लैब बनाने जा रहे हैं।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ और शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के सामाजिक सरोकारों को मिला सम्मान

‘एक पौधा जिंदगी के लिए’ सीजन-10 में नम्रता पाठक ने मंच से सराहे दोनों के …