उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी और चौंकाने वाली अपडेट सामने आई है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद राज्य की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है, जिसमें मतदाताओं की संख्या में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है।

नई ड्राफ्ट सूची के अनुसार यूपी में अब 12 करोड़ 55 लाख से ज्यादा वोटर रह गए हैं, जबकि पिछली मतदाता सूची में यह संख्या 15.44 करोड़ थी। यानी करीब 2 करोड़ 89 लाख मतदाता इस बार की सूची से बाहर हो गए हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। इस दौरान मृत, स्थानांतरित, दोहराव वाले और अपात्र पाए गए नामों को हटाया गया, जिसके चलते वोटर लिस्ट में इतनी बड़ी कटौती देखने को मिली।
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो लखनऊ सबसे ऊपर है, जहां सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। वहीं प्रदेश के सभी 75 जिलों में वोटर संख्या में कमी दर्ज की गई है, हालांकि कटौती का आंकड़ा हर जिले में अलग-अलग है।
फिलहाल यह सूची ड्राफ्ट है। चुनाव आयोग ने नागरिकों को मौका दिया है कि वे अपना नाम जांचें और अगर कोई त्रुटि हो तो तय समय के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करा सकें। इन प्रक्रियाओं के बाद ही अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !