उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक अपनी पत्नी से जुड़े कथित अन्याय के खिलाफ कलेक्टरेट परिसर के बाहर भूख हड़ताल पर बैठ गया। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी ने बिना तलाक लिए अपने प्रेमी से शादी कर ली और उससे एक बच्चा भी है, जबकि उसकी शिकायतों पर पुलिस और प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

धरने पर बैठे युवक की पहचान रवि कुमार के रूप में हुई है। रवि का कहना है कि उसकी शादी 2 जुलाई 2018 को शोषन उर्फ राधिका से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर घर से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान लेकर चली गई।
रवि का आरोप है कि इसके बाद उसे दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में झूठा फंसाया गया, लेकिन वह सभी मामलों में अदालत से बरी हो चुका है। उसके अनुसार, अगस्त 2023 में पत्नी ने बिना तलाक लिए दीपक नाम के युवक से संबंध बनाए और बाद में उससे शादी कर ली। दोनों से एक बच्चा भी बताया जा रहा ।

पीड़ित युवक का कहना है कि उसने थाने से लेकर एसएसपी, डीआईजी, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल तक कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक न तो घर से गया सामान बरामद हुआ और न ही मामले में कोई ठोस कार्रवाई हुई। उसने जांच अधिकारियों पर गलत बयान दर्ज करने के भी आरोप लगाए हैं।
माता-पिता के निधन और खुद गंभीर बीमारी से जूझ रहे रवि कुमार का कहना है कि वह न्याय मिलने तक अपनी भूख हड़ताल जारी रखेगा। उसने भावुक शब्दों में कहा कि “कानून का सम्मान करते हुए लंबे समय तक अपमान सहने से बेहतर है कि इंसाफ के लिए आखिरी दम तक संघर्ष किया जाए।”
यह मामला अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !