हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। वीरवार रात से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है और ठंडी हवाओं ने तापमान को तेजी से गिरा दिया है। सर्दियों में यह पहली बार है जब बारिश के साथ ठंड ने लोगों को झकझोर दिया है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर कम दबाव का क्षेत्र उत्पन्न किया। इसके कारण हरियाणा में गुरुवार रात से बारिश शुरू हुई और शुक्रवार की सुबह तक इसका असर लगातार बना हुआ है।
सोनीपत में देर रात करीब 10:15 बजे तेज हवाएं चलीं, और रात 2:29 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। लोगों ने घरों में ही दुबककर रहना पसंद किया। कुरुक्षेत्र में भी सुबह से ही मौसम बदल गया। यहां हल्की-हल्की बारिश रुक-रुक कर जारी रही और 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं।
तापमान में गिरावट का आलम यह है कि अधिकतम तापमान 21 डिग्री से लुढ़ककर केवल 14 डिग्री रह गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया है। बारिश और शीतल हवाओं के कारण ठंड ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। विभाग ने लोगों से सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान ठंड का असर अधिक महसूस किया जाएगा।
मौसम बदलने से किसानों की फसलों और सामान्य जनजीवन पर असर पड़ सकता है। वहीं आम लोग फिर से गर्म कपड़े पहनकर सर्दी से बचने की तैयारी में हैं। ऐसे में हरियाणा में यह मौसम बदलना आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ा सकता है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !