यमुनानगर में वरयाम सिंह अस्पताल और सिटी मॉल पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। इस दौरान करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी भागने के प्रयास में बाइक से गिरकर घायल हो गया।

तड़के मिली सूचना, इलाके की घेराबंदी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि फायरिंग की घटनाओं में शामिल तीनों संदिग्ध कांसापुर क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही सीआईए-1, सीआईए-2 और स्थानीय पुलिस की टीमों ने तुरंत इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
खुद को घिरा देख बदमाशों ने की फायरिंग
पुलिस टीम जब आरोपियों के करीब पहुंची तो बदमाशों ने खुद को फंसा हुआ देखकर पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से चली गोलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपियों को पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी भागते समय बाइक से फिसलकर घायल हो गया।
तीनों आरोपी अस्पताल में भर्ती
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों को मौके पर ही काबू में ले लिया। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल आपराधिक रिकॉर्ड नहीं, जांच जारी
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर अस्पताल और सिटी मॉल को निशाना क्यों बनाया गया और इन वारदातों के पीछे किसका इशारा था।
रंगदारी एंगल पर फोकस
सूत्रों के अनुसार, इसी अस्पताल के संचालक और जिले के एक वरिष्ठ डॉक्टर को 17 दिसंबर को गैंगस्टर की ओर से धमकी दी गई थी और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस धमकी के बाद डॉक्टर ने सीधे पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी थी और आसपास नाके भी लगाए गए थे।
कई सवालों के जवाब बाकी
पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि
क्या फायरिंग की घटनाएं रंगदारी से जुड़ी थीं
क्या आरोपियों के तार किसी बड़े गैंग या नेटवर्क से जुड़े हैं
इन्हें हथियार और निर्देश किसने उपलब्ध कराए
बड़े खुलासों की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और आने वाले दिनों में इस डबल फायरिंग केस से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है और शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !