Breaking News

लखनऊ में दिखा जनता कर्फ्यू का असर, सड़को पर पसरा सन्नाटा, मॉर्निंग वाक के लिए नहीं निकले लोग

राज प्रताप सिंह, लखनऊ ब्यूरो। जनता कर्फ्यू राजधानी लखनऊ में सफल रहा। शहर की सड़कें सूनी हो गईं। लोग एक दूसरे को वाट्सऐप पर संदेश भेज कर घर में रहने की अपील करते रहे। नागरिक सुरक्षा समेत अन्य संगठनों ने भी मोर्चा संभाला। सिस से लेकर ट्रांस गोमती तक लोग इसका पालन करते दिखे। चप्पे चप्पे पर पुलिस मुस्तैद रही। इक्का दुक्का लोग यदि सड़क पर आते हुए दिखे तो उनसे घर में रहने को कहा गया। पुलिस प्रशासन के आला अफसर सुबह से ही भ्रमण पर रहे। दूसरी तरफ नगर निगम के हजारों कर्मचारी शहर को विसंक्रमित करने में जुटे थे। रसायनों ने सड़कों, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर छिड़काव किया गया।

इन्दिरनगर में नागरिक सुरक्षा के वार्डेन लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील करते दिखे। जानकीपुरम में सुबह से दो दो की संख्या में वार्डेन निकले।पुराने लखनऊ के चौक, ठाकुरगंज, बालागंज, चौपटिया, दरगाह इलाकों में जनता कर्फ्यू का दिखा असर। पान मसाले की गुमटियों से लेकर कोई भी दुकानें यहां नहीं खुली दिखाई दी। लोग अपने घरों में रहकर प्रधानमंत्री मोदी की अपील का पूरी तरह समर्थन करते नजर आए।

चौक में एक और जहां सर्राफा बाजार से लेकर छोटी बडी सभी दुकानें बन्द रहीं ऐसे में कुछ मीटर कि दूरी पर जनता कर्फ्यू की अपील की ना मानकर जो महिलाएं प्रदर्शन कर रही थीं उनको लेकर आमजन में काफी चर्चाएं होती रहीं। लखनऊ की तंग गलियों में भी जहां जनता कर्फ्यू का पूरा असर दिखा वह पर पूरे दिन चौक, चौपटिया, ठाकुरगंज इन इलाकों में बच्चों ने छुट्टी और कर्फ्यू का पूरा फायदा उठाया। कोई क्रिकेट खेल अपने मम्मी – पापा संग चौके छक्के लगाता दिख रहा है, तो कोई इस मौसम में पतंग के पेच लड़ाते हुए नजर आ रहे हैं

सड़कें, पार्क, गलियां सूनी रहीं। लोगों ने घरों में ही रहकर समय बिताया। बच्चों ने कैरमबोर्ड, लुका छिपी खेलने में समय बिताया। लोग एक दूसरे को वाट्सऐप पर संदेश भेजकर घरों से न निकलने की अपील करते रहे। नागरिक सुरक्षा और अन्य समाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मुस्तैद रहे।

छावनी क्षेत्र को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को आने व जाने से रोक लगा दी गई। सभी गेट बंद कर दिए गए। सुबह हाकर्स को भी प्रवेश नहीं दिया गया। सेना पुलिस और स्थानीय पुलिस जगह जगह मुस्तैद रही। दूसरी तरफ कोई भी अपने घर से नहीं निकला।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित डिपो में खड़ी हुई सभी मेट्रो ट्रेनें। शनिवार की रात में ही सभी मेट्रो ट्रेनों को पूरी तरह सैनिटाइज कराया गया है। रविवार की रात में फिर सभी ट्रेनों को सेनीटाइज कराया जाएगा। इसके बाद सोमवार की सुबह 6:00 बजे से फिर मेट्रो ट्रेनें पब्लिक के लिए चलना शुरू हो जाएंगी।मेट्रो स्टेशनों के सभी गेट बंद किये गए। चारबाग व दुर्गापुरी स्टेशन पर कुछ यात्री आ गए थे। यह मुम्बई से आये थे। इनको स्टेशन पर जाने से रोका गया। इसके बाद यूपीएमआरसी ने स्टेशनों के गेट के शटर गिरा दिए। गेट में ताला लगवा दिया गया

एयरपोर्ट पर भी सन्नाटा रहा। जो यात्री आए उनको घर तक पहुंचने के लिए टैक्सी नहीं मिल रही थीं। अन्तरराष्ट्रीय उड़ानें निरस्त रहीं। घरेलू उड़ानों में गो एयर ने अपनी 12 उड़ानें निरस्त कर दी थीं। इसके अलावा इंडिगो, एयर इंडिया ने की भी आधा दर्जन उड़ानें निरस्त रहीं। ऐसे में यात्रियों की भीड़ से भरा रहने वाला घरेलू टर्मिनल खाली रहा। जो उड़ानें आईं उनमें भी यात्री काफी कम थे। 180 की क्षमता वाली उड़ानों में भी 20 से 25 यात्री आते दिखे।

मुंबई से लखनऊ लौटी पुष्पक ट्रेन में सवार एक हजार यात्री रविवार सुबह जनता कर्फ्यू में फंसकर परेशान हो गए। ट्रेन में सवार अधिकांश यात्री बहराइच और गोंडा के थे। ये यात्री पैदल ही बस पकड़ने चारबाग और कैसरबाग बस अड्डे पहुंचे तो वहां पसरे सन्नाटे के बीच हड़कंप मच गया। बस अड्डे पर बसें खड़ी थी पर चालक परिचालक छुट्टी पर थे। ऐसे में यात्रियों ने बस की व्यवस्था को लेकर हंगामा भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर एकत्र कराकर नास्ते व खाने की व्यवस्था की।

परिवहन निगम के एमडी राज शेखर खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति सामान्य करवाई। रोडवेज अफसरों को यात्रियों के आने जानकारी दी गई। जहां घंटे भर बाद कैसरबाग डिपो पांच बसें चारबाग रेलवे स्टेशन और पांच बसें कैसरबाग बस अड्डे से यात्री ले गोंडा, बहराइच और एक बस बलरामपुर भेजी गई। सुबह दस बजे के करीब पहुंचे यात्रियों को पहली बस एक बजे दोपहर को बहराइच के लिए रवाना हुई। दूसरी तरफ पुष्पक के लिए आए यात्रियों की लम्बी कतार लग गई। ढाई हजार से अधिक यात्री लाइन लगाकर खड़े हो गए। पुलिस ने सभी को खाना बंटवाया और मुंह ढंकने को कहा।

जनता कर्फ्यू का निरीक्षण करने पुलिस कमिश्नर सुजीत पाण्डेय, मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम और डीएम अभिषेक प्रकाश खुद निरीक्षण पर निकले। परिवर्तन चौक, चारबाग, हजरतगंज समेत अनेक स्थानों पर स्थिति की समीक्षा की और अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। जनता कर्फ्यू का अनुपालन कराने लिए डीसीपी (नार्थ) सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी व क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त और सम्बन्धित एसएचओ के साथ कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे से स्वयं को सुरक्षित रखते हुए जनताकर्फ्यू के अंतर्गत सभी लोगों से अपने अपने घरों में रहने की अपील की। राउंड पर निकले पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे ने बड़ा इमामबाड़ा पर टूरिस्ट पुलिस वाहन में आराम फ़रमा रहे दरोगा एम ए ख़ान को सस्पेंड किया।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ और शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के सामाजिक सरोकारों को मिला सम्मान

‘एक पौधा जिंदगी के लिए’ सीजन-10 में नम्रता पाठक ने मंच से सराहे दोनों के …